
महिला ने गार्डों से की बदसलूकी (photo- x @NeerajC111)
Greater Noida Society News:ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में डिलीवरी को लेकर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। वीडियो में एक महिला कथित तौर पर सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों से बहस करती और उनके साथ अभद्र व्यवहार करती नजर आ रही है। आरोप है कि विवाद बढ़ने के दौरान महिला ने एक गार्ड को लात मारने की कोशिश की और दूसरे के साथ हाथापाई भी की।
घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की Centurion Park Terrace Homes सोसाइटी का है, जो बिसरख थाना क्षेत्र में आती है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और विवाद की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि महिला ने ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया था। डिलीवरी बॉय ऑर्डर लेकर सोसाइटी के गेट पर पहुंचा, जहां सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे रोक दिया। डिलीवरी में देरी होने पर महिला नाराज हो गई और खुद सोसाइटी के गेट पर पहुंचकर गार्डों से बातचीत करने लगी। शुरुआत में हुई कहासुनी धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में महिला कई सुरक्षा गार्डों के सामने बहस करती दिखाई दे रही है। आरोप है कि उसने गार्डों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें पुलिस बुलाने की चुनौती भी दी। वीडियो में महिला एक कुर्सी पर बैठे गार्ड की तरफ बढ़ती हुई दिखाई देती है। आरोप है कि उसने उसे लात मारने की कोशिश की। इसके बाद वह दूसरे गार्ड के साथ भी हाथापाई करती नजर आती है। घटना के दौरान महिला कथित तौर पर गार्डों की आर्थिक स्थिति को लेकर भी टिप्पणी करती सुनाई दे रही है। एक जगह वह एक गार्ड से कथित तौर पर कहती है, “तुम मेरे सामने कुछ नहीं हो, मैं तुम्हारे से जूते साफ करवाऊंगी।”
बहस के दौरान महिला गार्डों से पुलिस बुलाने की बात भी करती सुनाई देती है। वीडियो में वह कथित तौर पर कहती है, “बुला किसको बुलाएगा?” इसके अलावा विवाद के दौरान धमकी और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग महिला के व्यवहार को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे विवाद की शुरुआत और घटनाक्रम की सभी परिस्थितियां स्पष्ट नहीं होती हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में यह भी देखा जा रहा है कि डिलीवरी बॉय को सोसाइटी के गेट पर किस वजह से रोका गया था। क्या सोसाइटी में डिलीवरी को लेकर कोई निर्धारित नियम था या किसी अन्य वजह से उसे प्रवेश नहीं दिया गया, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल सामने आए वीडियो में विवाद का बाद का हिस्सा दिखाई देता है। इसलिए पुलिस पूरे मामले के पीछे की वजह और दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है। ग्रेटर नोएडा में सोसाइटी गेट पर डिलीवरी और सुरक्षा नियमों को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। इस मामले में भी अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक सामान्य डिलीवरी को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर इतना बढ़ा कैसे कि बात कथित मारपीट और धमकी तक पहुंच गई।
Updated on:
27 Aug 2026 01:00 pm
Published on:
27 Aug 2026 01:00 pm
