
ग्रेटर नोएडा। पुलिस के लाख कोशिशों के बावजूद यूपी में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला है ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली का, जहां बेखौफ अपराधी बुधवार रात एक जैन मंदिर से ६ मूर्तियां चुराकर चंपत हो गए है। चोरी हुई मूर्तियों की कीमत १५ से २० लाख रुपये बताई जा रही है। अष्ट धातु की थी सभी मूर्तियां...
घटना बीटा-२ सेक्टर की है। बताया जा रहा है कि कासना कोतवाली के ठीक सामने एक दिगंबर जैन मंदिर बना है। बुधवार रात कुछ अपराधी गैस कटर से ताला तोड़कर मंदिर के अंदर प्रवेश कर गए और भगवान की छह मूर्तियां चुराकर चलते बने। चुराई गई सभी मूर्तियां अष्ट धातुओं से बनी थी। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब सुबह-सुबह विपिन नामक पुजारी मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे। विपिन ने बताया कि जैसे ही वो मंदिर पहुंचे उन्हें गेट खुला हुआ दिखा। लेकिन, अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि मंदिर के अंदर मौजूद मूर्तियों में से छह मूर्तियां गायब थी। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। पुजारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मंदिर पहुंच गए। इधर, चोरी की सूचना पुलिस को भी दे दी गई। सूचना मिलते ही सीओ अमित कुमार और एसपी देहात सुनीति सिंह मौके पर पहुंच गई। विपिन ने बताया कि चोरी हुई मूर्तियों की कीमत पन्द्रह से बीस लाख रुपये है। फिलहाल, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है । एसपी देहात ने भरोसा दिलाया है कि जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।
इधर, चोरी की घटना से इलाके के लोग काफी सख्ते में हैं। लोगों का कहना है कि कासना कोतवाली के सामने मंदिर है। इसके बावजूद मंदिर में चोरी हो गई, जबकि कोतवाली गेट के बाहर हवलदार पहरा भी देता है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के चलते अपराधियों के इतने हौसले बुलंद हो गए हैं कि पुलिस चौकी के सामने भी संगीन वारदात को अंजाम दे डालते हैं। कुछ आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ हंगामा भी मचाया।