ग्रेटर नोएडा

ग्रेनो में हिस्ट्रीशीटर को बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से भूना, अस्पताल में मौत

हिस्ट्रीशीटर नागेश अपने साथियों के साथ नीमका गांव के चौपाल पर लूडो खेल रहा था। उसी समय तीन बाइकों पर सवार होकर छह बदमाश आए और उन्होंने नागेश पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी।

less than 1 minute read
history_sheeter_shot_dead_by_bike_riding_miscreants_in_greater_noida.jpg

ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली के नीमका गांव में स्थित चौपाल पर हिस्ट्रीशीटर बदमाश नागेश बिल्लोडी पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर नागेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर लोगों ने घायल को कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा में यह गैंगवार की शुरुआत है।

जेवर कोतवाली का घोषित हिस्ट्रीशीटर है नागेश

जानकारी के मुताबिक, नागेश बिल्लोडी ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। डीसीपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि नागेश अपने साथियों के साथ नीमका गांव के चौपाल पर लूडो खेल रहा था। उसी समय तीन बाइकों पर सवार होकर छह बदमाश आए और उन्होंने नागेश पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। गोली लगने से नागेश वहीं गिर गया। इसके बाद बदमाश मौके से वहां से भाग निकले।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की

उधर, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और घायल को जेवर के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। डीसीपी अभिषेक वर्मा का कहना है कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
02 Sept 2022 10:17 am