
South West Monsoon: मौसम विभाग (IMD) ने मॉनसून को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। इसमें बताया गया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून कल 24 मई को दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के शेष हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के शेष हिस्सों, पूर्वी केंद्र बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। यूपी में बारिश को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल अभी यूपी में बारिश की संभावना नहीं है। जबकि कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं।
चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मॉनसून के लिए अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी समेत मध्य बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 6 घंटों के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की गति के साथ पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर गहरा डिप्रेशन बन रहा था। यह खेपुपारा (बांग्लादेश) से लगभग 490 किलोमीटर दक्षिण में सागर द्वीप से 380 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में और कैनिंग से 530 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था।
उन्होंने बताया कि मॉनसून अभी उत्तर दिशा में आगे बढ़ता रहेगा। इसके साथ ही उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। यह उत्तर दिशा में जारी रहेगा और 26 मई को यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक यह चक्रवाती तूफान एक गंभीर चक्रवात के रूप में सागर द्वीप और खेपुपारा के बीच बांग्लादेश और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल तट को पार कर सकता है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार इस चक्रवात के लैंडफॉल करते समय हवा की गति 110-120 से 135 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर बने चक्रवाती परिसंचरण से मध्य प्रदेश होते हुए छत्तीसगढ़ तक फैली हुई है। दक्षिणी केरल के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में गर्मी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि यूपी में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। जबकि बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक यूपी के बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, महोबा, झांसी, ललितपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में भयंकर लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, एटा, औरैया, हमीरपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागरा, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, जौनपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में गर्म रात होने की संभावना है। यानी इन जिलों में रात का तापमान बढ़ जाएगा। इससे गर्मी ज्यादा होगी।