UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में आज मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। आसमान में बादल छाने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने इसको लेकर प्रदेश में अलर्ट जारी किया है।
UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में ठंड अब धीरे-धीरे खत्म होने लगी है। इसी बीच मौसम विभाग ने फिर से मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। IMD के मुताबिक, 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 18 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके असर से पश्चिमी यूपी के 18 जिलों में मौसम बदलने की संभावना है। इसके साथ ही कई जगहों पर 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और ओले पड़ने का भी खतरा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मुरादाबाद, अमरोहा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, बरेली, रामपुर, पीलीभील का तराई इलाका, अलीगढ़, हाथरस, मैनपुरी, फिरोजाबाद सहित कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। कुछ जिलों में दोपहर के समय हल्की बारिश हो सकती है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, बलिया, बस्ती, अयोध्या, लखीमपुरखीरी, सुल्तानपुर जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावनाएं हैं।
मंगलवार को प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान बांदा में 31.6°C दर्ज किया गया। हमीरपुर 31.2°C के साथ दूसरे और प्रयागराज 31°C के साथ तीसरे नंबर पर रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4°C इटावा में रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान पहले 1–2°C बढ़ेगा और फिर धीरे-धीरे 2–3°C तक गिर सकता है।
उत्तराखंड में भी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर देखने लगा है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।