180 यात्रियों को लेकर यह बोइंग विमान कीव जा रहा था इस हमले में 176 यात्रियों की मौत हो गई थी
तेहरान। आखिरकार ईरान ने मान लिया कि पिछले दिनों यूक्रेन विमान का क्रैश होना हादसा नहीं था,बल्कि उसके सैनिकों ने भूलवश यह विमान मिसाइल से गिराया था। गौरतलब है कि 180 यात्रियों को लेकर यह बोइंग विमान कीव जा रहा था। मगर तेहरान के ऊपर से गुजरने के दौरान ही विमान में आग लग गई।
कुछ देर बाद यह विमान गिर गया। इस हमले में 176 यात्रियों की मौत हो गई थी । उस दौरान कहा गया कि विमान किसी तकनीकी खामी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वहीं कुछ ने आशंका जाहिर की थी कि ये विमान मिसाइल हमले से गिराया गया है।
इस दौरान ईरान के तेहरान एयरपोर्ट के करीब यूक्रेनी विमान हादसे का वीडियो सामने आया था। हालांकि इस वीडियो की प्रमाणिकता को लेकर सवाल जरूर है। पर जो वीडियो सामने आया, उसमें देखा गया है कि विमान से कोई वस्तु टकराई है और फिर फ्लाइट हादसे का शिकार हुई। इस हादसे में 180 यात्रियों की मौत हो गई। विमान हादसे के बाद अमरीका, कनाडा और ब्रिटेन ने कहा है कि इस विमान को ईरान ने मार गिराया है। ईरानी मिसाइल हमले से यह विमान टकराया है।
सेना के बयान को जारी कर ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि सशस्त्र बलों की आंतरिक जांच से निष्कर्ष निकला है कि मानवीय त्रुटि के कारण यह गलती हुई। इस कारण यूक्रेनी विमान को मिसाइल ने निशाना बनाया। इस हमले में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और 176 लोगों की जान चली गई। रूहानी ने कहा कि इस त्रासदी और अक्षम्य गलती की जांच जारी रहेगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा।