
तेहरान। इराक के बगदाद में हुए अमरीकी हमले में कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी (General Qassem Soleimani) की मौत के बाद ईरान में जबरदस्त आक्रोश है। ईरान की एक संस्था ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) का सिर काटने पर बड़े इनाम की घोषणा कर दी है।
मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार, ईरानी संस्था का कहना है कि जो भी ट्रंप का सिर कलम करेगा, उसे 80 मिलियन डॉलर (करीब 5.76 अरब रुपये) का इनाम दिया जाएगा। रविवार को ट्रंप ने ईरान को धमकी दी कि अगर वह हमला करता तो उसके 52 ठिकानों को वह ध्वस्त कर देगा। इसके कुछ देर बाद ही ईरान ने ये ऐलान किया।
जनरल सुलेमानी के जनाजे के दौरान एक संस्था ने ईरान के सभी नागरिकों से एक डॉलर दान की अपील की है। इस तरह से ट्रंप के सिर के बदले रखे गए 80 मिलियन डॉलर की रकम एकत्र की जा सके।
ट्रंप ने ट्वीट कर दिया जवाब
इस दौरान अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि ईरान अगर किसी यूएस प्रतिष्ठान और अमरीकन को चोट पहुंचाता है,तो उसे तुरंत भयानक अंदाज में जवाब दिया जाएगा। ऐसे कानूनी नोटिस की यूं तो जरूरत नहीं है, लेकिन मैंने फिर भी चेता दिया है।