
गुना। मई का महीना अभी शुरु हुआ है और लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से तापमान 40 डिग्री के पार बना है।
गर्मी के तेवर देखते हुए लोग हलकान हैं। पंखे और कूलर थोड़ी राहत तो जरूर दे रहे हैं, लेकिन सूरज की तपिश लोगों की सेहत बिगाडऩे वाली साबित हो सकती है।
दिनभर तेज धूप के चलते लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक फिर गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं है। बल्कि चेतावनी दी जा रही है कि आने वाले दिनों में गर्मी और भीषण रूप दिखाईगी। गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के प्रयास तो कर रहे हैं, लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहे हैं। आशंका है कि आने वाले दिनों में नौतपा के दौरान तापमान 45 डिग्री को भी पार सकता है। इसके चलते लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी। वहीं रात का तापमान 25 से 29 डिग्री के बीच बना हुआ है।
पेयजल सप्लाई बाधित
बिजली की लगातार कटौती से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। शहर के कैंट क्षेत्र, श्रीराम कालोनी और सिसौदिया कालोनी आदि क्षेत्रों में लगातार थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल बिजली कटौती की जा रही है। इसके चलते पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है कि नियमित बिजली नहीं मिलने से अब पेयजल संकट भी बढ़ता जा रहा है।
यात्री भी परेशान
शहर के दोनों बस स्टैंड पर भीषण गर्मी के चलते यात्री परेशान हैं। जज्जी बस स्टैंड पर छाया आदि की व्यवस्था नहीं है। इसलिए यात्री दुकानों की आड़ में बैठकर किसी तरह गर्मी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद बसों में चिपचिपा देने वाला सफर करने मजबूर हैं। आरोन बस स्टैंड पर भी यात्रियों को बैठने के लिए कोई जगह सुनिश्चित नहीं है।
बस! राहत मिल जाए
गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी सी राहत के लिए शीतल पेयजल और कोल्डड्रिंक का सहारा लेना पड़ रहा है। लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहा है। इतना ही नहीं शहर में संचालित होने वाली प्याऊ भी इस तरह नहीं लगाई गईं। ज्यादातर प्याऊ बंद पड़ी हैं। पानी की कमी के चलते घरों के बाहर लगने वाली छोटी प्याऊ भी नहीं दिख रही हैं।
एक हफ्ते का तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
06 मई 43 29
05 मई 43 25
04 मई ४२ 26
03 मई 44 29
02 मई 44 27
01 मई 43 29
30अप्रैल 43 29