गुना

चित्रकूट में हाई-वोल्टेज ड्रामा: जज के घर की बिजली सप्लाई कटी तो गुस्से में पूरे कस्बे की आपूर्ति बंद करा दी

Chitrakoot High Voltage Drama : न्यायधीश अपने सरकारी आवास की बत्ती गुल होने से नाराज थे। उन्होंने सब स्टेशन के ऑपरेटर को खदेड़कर खुद को कार्यालय के अंदर बंद कर लिया। इस घटना के बाद करीब 1 घंटे तक सब स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

2 min read
May 30, 2026
चित्रकूट में हाई-वोल्टेज ड्रामा (Photo Source- Input)

High Voltage Drama :मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित धर्मनगरी चित्रकूट में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक न्यायिक मजिस्ट्रेट ने खुद बिजली के सब स्टेशन पहुंचकर पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति बंद करा दी। बिजली कर्मियों ने बताया कि, न्यायधीश अपने सरकारी आवास की बत्ती गुल होने से नाराज थे। उन्होंने सब स्टेशन के ऑपरेटर को खदेड़कर खुद को कार्यालय के अंदर बंद कर लिया। इस घटना के बाद करीब 1 घंटे तक सब स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

ये भी पढ़ें

एमपी पुलिस भर्ती पर अपडेट, हेड कॉन्सटेबल और ASI के फिजिकल फिटनेस एग्जाम की तारीखें घोषित

आंधी-तूफान के कारण 19 घंटे से बंद थी बिजली

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह ने बताया कि, गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात 2 बजे आए तेज आंधी-तूफान के कारण मझगवां से आने वाले 33 केवी के दो फीडर पूरी तरह ठप हो गए थे। घने और अंधेरे जंगल में फाल्ट होने के कारण मेंटेनेंस टीम को पेट्रोलिंग में काफी समय लगा। शुक्रवार दोपहर 12 बजे फाल्ट सुधारकर चित्रकूट की मुख्य सप्लाई बहाल की जा सकी थी। इसके बाद देर शाम तक विभाग ने शत-प्रतिशत सार्वजनिक शिकायतों का निराकरण कर दिया था, केवल कुछ व्यक्तिगत (सिंगल) शिकायतें बची थीं, जिनमें जज का घर भी शामिल था।

'पहले मेरे घर की लाइट सुधारो, तभी चालू होगा कस्बा'

चित्रकूट में हाई-वोल्टेज ड्रामा (Photo Source- Input)

बिजली बंद होने से नाराज न्यायिक मजिस्ट्रेट शाम करीब 7.30 बजे रजौला सब स्टेशन पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि 19 घंटे बीत जाने के बाद भी उनके घर की लाइट क्यों नहीं सुधारी गई। आक्रोशित जज ने रजौला और प्रमोद वन सब स्टेशन से होने वाली पूरे कस्बे की बिजली सप्लाई बंद करवा दी। इसके बाद ऑपरेटर को कमरे से बाहर निकाल दिया और खुद को अंदर से लॉक कर लिया। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि जब तक उनके घर की लाइट ठीक नहीं होगी, पूरे कस्बे की बिजली बंद रहेगी। इसके बाद डरे-सहमे मेंटेनेंस स्टाफ ने आनन-फानन में जज के बंगले की लाइन सुधारने का काम शुरू किया।

उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, मौके पर पहुंचा पुलिस बल

कस्बे की बिजली अचानक दोबारा बंद होने से आक्रोशित होकर 50 उपभोक्ता रजौला सब स्टेशन पहुंच गए। जब ऑपरेटर ने उन्हें बताया कि खुद जज ने आकर बिजली बंद करवाई है, तो नागरिकों ने सब स्टेशन पर ही विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। जनता का भारी विरोध और बढ़ता गुस्सा देख जज कार्यालय का दरवाजा खोलकर चुपचाप अपने घर के लिए रवाना हो गए।

डीई व जेई पहुंचे स्थिति संभालने

मामले की गंभीरता को देखते हुए कनिष्ठ अभियंता प्रवीण वर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने से पुलिस बल भी सब स्टेशन पहुंच गया। इस संवेदनशील प्रशासनिक टकराव की खबर मिलते ही सतना ग्रामीण के कार्यपालन अभियंता पंकज द्विवेदी भी सतना से चित्रकूट के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और बिजली बहाल कर दी गई है।

ये भी पढ़ें

एमपी में प्री-मानसून पर बड़ा अपडेट, 29, 30, 31 मई को आंधी-बारिश का अलर्ट
Updated on:
30 May 2026 07:26 am
Published on:
30 May 2026 07:24 am
Also Read
View All