गुना

कलेक्टर-एसपी सहित अफसरों ने परिवार संग कूनो में बिताए खुशियों के पल

Officials Kuno Visit: जंगल ट्रैकिंग से लेकर रोप राइडिंग तक, परिवार सहित कूनो के प्राकृतिक वैभव से रूबरू हुए जिला अधिकारी।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 8:34 PM IST
guna Officials Kuno Visit
guna Officials Kuno Visit, कूनो में परिवार सहित पहुंचे अधिकारी (Source-Patrika)

Guna Officials Kuno Visit: मध्यप्रदेश के गुना में कलेक्टर सहित जिला अधिकारियों ने परिवार सहित कूनो नदी के उद्गम स्थल का भ्रमण किया। शनिवार शाम को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने सपत्नीक कूनो उद्गम स्थल का भ्रमण किया। इस दौरान डीएफओ अक्षय राठौड़, जिला पंचायत सीइओ अभिषेक दुबे, एसपी हितिका वासल, एएसपी प्रशांत सुमन सहित अन्य जिला अधिकारी अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने कूनो क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों और विभिन्न साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया। कार्यक्रम के जरिए क्षेत्र में उपलब्ध पर्यटन संभावनाओं को अनुभव करने व कूनो को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में इसकी विशेषताओं को करीब से जाना।

शिवाभिषेक करने जाते अधिकारी (Source-patrika)

स्वच्छ जल से शिवाभिषेक कर की आध्यात्मिक शुरुआत

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने कूनो नदी के उद्गम स्थल पर स्वच्छ जल से शिवाभिषेक किया। इसके बाद कूनो सफारी, साहस पर्वत, कूनो गुफा, मचान ब्रिज और रोप राइडिंग सहित विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। प्राकृतिक परिवेश में स्थित इन स्थलों ने सभी को रोमांच और प्रकृति के करीब रहने का अनुभव दिया।

ट्रैकिंग का आनंद लेते हुए (Source-patrika)

जंगल ट्रैकिंग में देखे प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थल

अधिकारियों ने कूनों क्षेत्र में ट्रैकिंग करते हुए ध्यान स्थल, 18वीं शताब्दी के प्राचीन पीपल के वृक्ष और कूनो वन पथ का भ्रमण किया। जंगल के बीच से गुजरते हुए सभी ने प्राकृतिक वातावरण और वन क्षेत्र की विशेषताओं को करीब से देखा। इस दौरान शेर गुफा का भी अवलोकन किया।

खेलकूद और साहसिक गतिविधियों में लिया हिस्सा

भ्रमण के दौरान अधिकारियों व उनके परिजनों ने झूला झूलने, शूटिंग, बास्केटबॉल और बैडमिंटन सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों ने भी कैरम, टेबल टेनिस और शतरंज जैसे खेलों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस तरह भ्रमण में प्रकृति, रोमांच, खेल और पारिवारिक मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला।

अफसरों के बच्चों ने खेले गेम्स (Source-Patrika)

जंगल के बीच सामूहिक भोज

भ्रमण के समापन पर सभी अधिकारियों व उनके परिवारों ने जंगल के प्राकृतिक वातावरण के बीच सामूहिक रूप से स्नेह भोज किया। कूनो क्षेत्र में उपलब्ध प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों और साहसिक गतिविधियों का अनुभव पर्यटन की दृष्टि से इस क्षेत्र की संभावनाओं को रेखांकित करता है।

Updated on:
31 Oct 2026, 8:34 PM IST
Published on: