
Guna Engineer Couple Attack: मध्यप्रदेश के गुना में दिल्ली के निर्भया कांड की याद दिलाने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक इंजीनियर को बंधक बनाकर उसकी मंगेतर के साथ सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के साथ बर्बरता भी की है। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर 6 आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, डकैती, मारपीट व बंधक बनाने की धाराओं में केस दर्ज किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआइटी सहित पांच टीमें बनाईं हैं।
घटना गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे एबी रोड पर गोदर की है। 26 वर्षीय पीड़िता मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है जो वर्तमान में झारखंड में रहकर जॉब करती है। पीड़िता एनएफएल में कार्यरत अपने इंजीनियर मंगेतर से मिलने के लिए गुना आई थी। वह गुरुवार शाम 6 बजे हनुमान टेकरी के दर्शन करने बाइक से निकले थे और वहां से वापस लौट रहे थे, तभी एबी रोड पर हिलगना के रास्ते के पास उनके पीछे से एक बाइक पर आ रहे तीन बदमाशों ने यह कहते हुए उन्हें रोका कि, आपकी गाड़ी पंक्चर है। जैसे ही इंजीनियर ने बाइक रोकी तो उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और बदमाश दोनों को खींचकर अंधेरे में जंगल में ले गए।
पुलिस एफआइआर के अनुसार, बदमाश युवती और उसके मंगेतर को खींचकर जंगल में ले गए। जहां दोनों के साथ डंडों से जमकर मारपीट की। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी बाइक व मोबाइल लूट लिए। एक बदमाश ने अपने अन्य साथियों को फोन किया, कुछ देर बाद वहां तीन और बदमाश आ गए। इनमें से तीन युवती के मंगेतर को जंगल में दूसरी तरफ दूर ले गए और वहां उसके साथ मारपीट की। इधर तीन बदमाशों ने युवती के साथ सामूहिक ज्यादती की कोशिश की। एफआइआर के अनुसार विरोध करने पर बदमाशों ने युवती के साथ मारपीट करते हुए बर्बरता भी की।
जंगल से आ रही युवती की चिल्लाने की आवाज सड़क से गुजर रहे एक राहगीर ने सुनी तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की डायल 112 मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता और उसके मंगेतर को घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हितिका वासल ने भी पीड़िता से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली और अपनी मौजूदगी में ही एफआइआर दर्ज कराई। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार से पांच अलग-अलग टीमें गठित की हैं, इसके अलावा एसआईटी भी गठित की गई है। पुलिस की टीमों ने शुक्रवार को दिनभर घटनास्थल के आसपास स्थित होटल, ढाबों व पेट्रोल पंपों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जिससे आरोपियों का सुराग मिल सके।