Guna Kidnapping : आरोन में बाइक सवार 4 बदमाशों ने 6 महीने की बच्ची का अपहरण कर परिवार से 14 लाख फिरौती मांगी थी। लेकिन, पुलिस की मुस्तैदी से घबराए किडनैपर्स बच्ची को नजदीक के गांव के सरपंच को देकर भाग निकले। फिलहाल, पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसके परिवार के पास पहुंचा दिया है।
Guna Kidnapping :मध्य प्रदेश के गुना जिले के आरोन कस्बे में दो बाइकों पर सवार 4 बदमाशों ने एक 6 महीने की मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया। आरोपी मासूम बच्ची को उसके दादा की गोद से छीनकर फरार हुए थे। इसके कुछ देर बाद बच्ची के पिता सोनू रघुवंशी के फोन पर एक कॉल आया, जिसमें किडनैपर्स ने 14 लाख रुपए फिरौती की डिमांड कर दी। फिलहाल, मामले की जानकारी लगते एक्टिव हुई पुलिस ने करीब 4 घंटों में बच्ची को बरामद कर लिया। साथ ही, आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है।
बताया जा रहा है कि, पुलिस ने एक्टिव होते ही जगह-जगह छापेमारी शुरु कर दी थी। चारों और से इलाके को पूरी तरह से अपनी निगरानी में ले लिया था। पुलिस की इस सक्रीयता से घबराए किडनैपर्स ने नजदीक के गांव के सरपंच को बच्ची सौंपी और मौके से फरार हो गए। हालांकि, आरोपियों की पहचान भी की जा चुकी है। बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ समय पहले पीड़ित परिवार की जमीन के बटियादार थे। वहीं, पुलिस द्वारा अपहरणकर्ताओं की पहचान कल्याण भील, सोनू भील, छोटू और पवन के रूप में हुई है।
बता दें कि, आरोन नगर की सरस्वती कॉलोनी में रहने वाले 53 बलराम सिंह रघुवंशी शनिवार शाम लगभग 6 बजे अपनी 6 महीने की पोती को गोद में लेकर घर के बाहर टहल रहे थे। तभी वहां दो बाइकों पर सवार 4 अज्ञात आए और बच्ची को बलराम की गोद से छीनकर भाग निकले। घटनाक्रम के दौरान बलराम ने आरोपियों से संघर्ष भी किया, लेकिन वो सफल नहीं हो सके।
बच्ची के अपहरण के बाद परिवार तुरंत ही आरोन थाने पहुंचा और घटनाक्रम की जानकारी दी गई। एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत टीम गठित करते हुए आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस की सक्रियता का नतीजा ये रहा कि करीब 4 घंटे बाद आरोपी शहरी क्षेत्र के नजदीक स्थित ग्राम पंचायत ककरूआ के सरपंच को बच्ची सौंपकर भाग निकले। पुलिस की सक्रीयता के चलते बच्ची को बरामद कर उसके परिजन को सौंप दिया गया है।