गुना

Guna News: 5 महीने पहले शादी, पत्नी की मुस्कान देखने राजस्थान से निकला अजय, ससुराल से कुछ दूर पहले ही छोड़ गया दुनिया

Road accident: राजस्थान से गुना आ रहे 21 वर्षीय अजय आगरी की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। ससुराल पहुंचने से पहले हादसे में उसका निधन हो गया।
2 min read
Aug 31, 2026
guna road accident rajasthan man ajay aagri before sasural
Guna road accident: राजस्थान से गुना आ रहे युवक का सड़क हादसे में निधन (फोटो सोर्स- Patrika)

MP road accident news: महज पांच महीने पहले अजय ने अपनी पत्नी का हाथ थामकर ताउम्र साथ निभाने का वादा किया था। त्योहार का मौका था, मन में ससुराल पहुंचने और पत्नी की मुस्कान देखने की बेताबी थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शनिवार की रात राजस्थान से मध्य प्रदेश के गुना जिले के लिए निकला 21 साल का अजय आगरी अपनी ससुराल की चौखट तक कभी नहीं पहुंच सका। ससुराल के रास्ते में एक हादसे में उसका निधन हो गया और एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। अजय के चले जाने की खबर सुनते ही त्यौहार की खुशियों से सजे घर में एकाएक मातम पसर गया।

राजस्थान से गुना आ रहा था अजय, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

राजस्थान के छीपाबड़ौद (बराबदा गांव) का रहने वाला अजय आगरी अपनी पत्नी से मिलने और ससुराल में भुजरिया त्योहार की खुशियां बांटने के लिए बेहद उत्साहित था। उसकी पत्नी कुछ दिन पहले ही अपने मायके गुना जिले के बजरंगगढ़ आई थी। शनिवार की शाम अजय अपनी बाइक पर सवार होकर राजस्थान से गुना के लिए निकला था लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया।

देर रात हुआ हादसा, पांच महीने पहले ही हुई थी शादी

रात के करीब 11 बज रहे थे। अजय हाइवे पर गादेर गांव के पास पहुंचा ही था, यानी ससुराल बस कुछ ही दूरी पर थी। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर की कारण बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और अजय का मौके पर ही निधन हो गया। अजय के चले जाने की खबर जैसे ही घर में पहुंची वैसे ही त्यौहार की खुशियों से सजे घर में मातम पसर गया।

वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज

हादसे की सूचना मिलते ही हाइवे एम्बुलेंस अजय को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने अजय की जांच करने के बाद बुरी खबर सुनाई। रविवार सुबह जब जिला अस्पताल के शवगृह के बाहर परिजनों को अजय का पार्थिव शरीर सौंपा गया, तो हर आंख नम थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
31 Aug 2026 12:03 pm
Published on:
31 Aug 2026 12:03 pm