गुना

पर्यटन स्थलों पर जमकर उमड़ा जन सैलाब, डैम पर लगा जाम

हर तरफ पर्यटन स्थलों पर वाहन ही वाहन नजर आए। शहर के प्रसिद्ध टेकरी सरकार मंदिर और पर्यटन स्थल में शुमार गोपीकृष्ण सागर डैम के रास्ते में घंटों जाम की स्थिति निर्मित हुई।

2 min read
Jan 02, 2022
पर्यटन स्थलों पर जमकर उमड़ा जन सैलाब, डैम पर लगा जाम

गुना. नए वर्ष की ऐसी शुरुआत जिलेवासियों ने भगवान के दर्शन और पिकनिक स्पॉट्स पर जश्न के साथ की। लोगों का उत्साह इतना था कि हर तरफ पर्यटन स्थलों पर वाहन ही वाहन नजर आए। शहर के प्रसिद्ध टेकरी सरकार मंदिर और पर्यटन स्थल में शुमार गोपीकृष्ण सागर डैम के रास्ते में घंटों जाम की स्थिति निर्मित हुई। कोविड गाइड लाइन नाम की कोई व्यवस्था नजर नहीं आई।

2022 की शुरुआत में किसी ने पिकनिक पार्टी की तो किसी ने सामूहिक भंडारे में भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। टेकरी सरकार के दर्शन करने हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर टेकरी मंदिर प्रांगण पर कोतवाली और कैंट थाने के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी मुस्तैद रहा। बजरंगगढ़, केदारनाथ धाम, गादेर और मुहालपुर प्राचीन गुफाओं पर जिले की पुलिस एसपी के निर्देशानुसार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी पैनी नजर बनाए रही। सुबह चार बजे से ही यहां श्रद्धालुओं के जाने का सिलसिला शुरू हो गया था। नौ बजे तक हालत यह थी कि मानों सभी सड़कों की राह टेकरी मंदिर की तरफ मुड़ी हुई थीं। दोपहर 12 बजे के बाद श्रद्धालुओं भीड़ बढ़ती चली गई। ३ बजे के बाद तो हालात पूरी तरह से बिगड़ चुके थे। सुबह टेकरी सरकार की विशेष पूजा-अर्चना करने के साथ ही महाआरती की गई। इसके बाद भगवान को लड्डूओं का भोग लगाया गया। आरती में गर्भ गृह में काफी भीड़ रही। गर्भगृह के अलावा परिसर में दोनों तरफ श्रद्धालुओं की बहुत ज्यादा तादाद रही।

टेकरी परिसर में छोटे बच्चों के लिए खेल-खिलौने और प्रसादी की दुकानें भी लगी हुई थीं। वहीं जिले के दूसरे आस्था के केन्द्रों पर भी यही स्थिति देखने को मिली। जिनमें मुहालपुर गुफा, गादेर गुफा, पचमढ़ी सहित मां निहालदेवी, बीसभुजी, बजरंगगढ़ किला पर भी बड़ी संख्या में लोग नव वर्ष के मौके पर पिकनिक सहित आस्था के रूप में मनाने पहुंचे।

असामाजिक तत्वों पर नजर
टेकरी सरकार मंदिर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जो मंदिर परिसर से लेकर पहुंच मार्ग में भी जगह-जगह तैनात थे। यहां पुलिसकर्मी असामाजिक तत्वों पर नजर रखे हुए थे।

Published on:
02 Jan 2022 02:22 pm
Also Read
View All