
गुना/आरोन. पनवाड़ी हाट गांव में ७० साल के एक बुजुर्ग ने घर में घुस आए लुटेरों से संघर्ष किया तो वे उसे फरसा मारकर घायल कर गए। वृद्ध के बेटों को बाहर से कुंडी लगाकर कमरों में बंद कर दिया और नगदी सहित सोने की अंगूठियां लूट ले गए। वहीं गुना की सुदामा नगर कॉलोनी में एक बैंककर्मी के घर से भी नगदी व सोने-चांदी के जेवर चोर ले उड़े।
उल्लेखनीय है कि जिले में चोरी, लूट व डकैती घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दो महीनों में हुई आधा दर्जन से अधिक बड़ी वारदातों के बाद अब एक ही रात में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। पुरानी घटनाओं में अब तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। जिससे अपराधियों के हौसले दिन ब दिन बुलंद होते जा रहे हैं। आरोन थानांतर्गत पनवाड़ीहाट में मेहरबानसिंह रघुवंशी (७२) के घर रात में करीब एक बजे चार बदमाश बाउंड्री वॉल फांदकर घुसे। तभी वे लघुशंका के लिए बाहर निकले तो एक बदमाश ने उन पर फरसे से हमला कर दिया। साहस दिखाते हुए उन्होंने अपने आप को बचाया और बदमाश से झूम गए।
तभी दूसरे बदमाश ने पीछे से उन पर फरसे से वार कर दिए। शरीर में फसरे से तीन जगह गहरे घाव हो गए और वे जमीन पर गिर पड़े। उनके बेटे दूसरी मंजिल पर अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। एक बदमाश ऊपर गया और बाहर से कुंडी लगाकर कमरों के दरवाजे बंद कर दिए। इसी बीच एक बदमाश में नीचे के कमरे से पेटी में रखे ८० हजार रुपए नगद और दो सोने की अंगूठी निकाल लिए। मेहरबानसिंह के शोर मचाने पर बदमाश वहां से भाग निकले। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया।
कमरों में बंद बेटों को आजाद किया
घायल महरबानसिंह जैसे-तैसे ऊपर पहुंचे और कमरों की कुंडी खोलकर बेटों को जगाकर वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच में लिया है। वहीं घायल वृद्ध को पहले आरोन अस्पताल ले जाया गया, जहां घावों से १० से १२ टांके आए हैं। मंगलवार को उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
यहां बैंककर्मी के घर से लाखों का माल साफ
वहीं कोतवाली के तहत बूढ़े बालाजी क्षेत्र में सुदामा कॉलोनी में चोरों ने एक बैंककर्मी के घर को निशाना बनाया। एसबीआई की लालोनी शाखा में कैशियर दयानंद कुशवाह के मकान में चोरों ने धावा बोला। अलमारियों के ताले तोड़कर चोर दो किलो चांदी के जेवर, दो अंगूठी, दो मंगलसूत्र, तीन जोड़े बाले व सोने का एक सिक्का सहित एक लाख रुपए चुरा ले गए। जबकि वारदात के समय वे रोज की तरह परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। आंख खुली तो पूरा घर अस्त-व्यस्त मिला। पुलिस ने पहुंचकर मौका मुआयना किया और अज्ञात चोरों पर मामला दर्ज कर जांच में लिया है।