तीन बच्चों की मौत, 5 अस्पताल में, कन्नावटा के बच्चों में फैला दिमागी बुखार
गुना। जिला मुख्यालय से 7० किलोमीटर दूर सिरसी थानांतर्गत ग्राम कन्नावटा में भय का वातावरण बन गया है। इसकी वजह ये है कि इस गांव के अधिकतर घरों के बच्चों में दिमागी बुखार घुस गया है।
इसमें अभी तक तीन बच्चों की मौत हो गई है और पांच बच्चे बीमार हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वैसे तो एक दर्जन से अधिक बच्चे दिमागी बुखार के शिकार बने हुए हैं। कुछ लोग तो अपने-अपने बच्चों को लेकर वहां से दूर चले गए हैं।
तीन बच्चों की मौत
कन्नावटा गांव जिसमें ज्यादातर सहरिया परिवार रहता है। इस गांव के लोगों ने बताया कि बीते चार पांच दिनों से कुछ बच्चों को खांसी हुई, उसके साथ बुखार आ गया, जो कि लगातार बढ़ता रहा, जिसके ठीक न होने पर वहीं प्राथमिक इलाज कराया, उससे ठीक होने की बजाय उनकी बीमारी बढ़ गई।
इसके बाद उन बच्चों को यहां जिला अस्पताल लाया जा रहा था जिसमें 11 साल की पारुल समेत दो बच्चियों की मौत हो गई। बीती रात को एक और लडक़ी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दीपक 11 वर्ष की हालत खराब होने से उनको इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है।
हालत बनी है गंभीर
उन्होंने बताया कि कन्नावटा में और बच्चों में दिमागी बुखार घुस गया, इसे देखते हुए उनको जिला अस्पताल लाकर यहां भर्ती कराया गया है। जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जिन बच्चों को भर्ती किया गया है उनमें राजेश, संजना, पूजा, सुनील पटेलिया आदि शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डाला डेरा
दिमागी बुखार फैलने की खबर के बाद टीम सक्रिय हुई और सीएमएचओ डा. रामवीर सिंह रघुवंशी समेत कई डॉक्टरों और कर्मियों की टीम वहां पहुंची, गांव के दूसरे बच्चों को इस बीमारी से बचाने के लिए दवाई दी और इंजेक्शन लगाए।
पीडि़त परिवारों से मिले शर्मा व सिसौदिया
कन्नावटा गांव में दिमागी बुखार फैलने की खबर मिलने पर पीडि़त परिवारों से मिलने भाजपा नेता डा. ओएन शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कहा कि इन बच्चों के इलाज में कोताही न बरती जाए। वहीं कन्नावटा में बमौरी विधायक महेन्द्र सिंह सिसौदिया पहुंचे, उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों की बीमारी के बारे में भी जाना।