
गुना। दबंगों की कैद में बंद एक युवती ने अपने परिजनों को किसी तरह संदेश भेजकर खुद को मुक्त कराने की गुहार लगाई है। इसमें कहा गया है कि उसकी व्यवस्था वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाए।
बताया जाता है कि कुंभराज ब्लॉक के ग्राम गोपालगढ़ निवासी युवती को ग्राम माडाखेड़ा के लोग भारत मीना, देवेंद्र मीना, हुकुम मीना गुना की खेड़ापति कालोनी से उसे एक मारूति वैन में उठाकर ले गए हैं और एक अज्ञात स्थान पर बंदी बना रखा है।
इस मामले में युवती के परिजनों ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन भी दिया है। जिसमें बताया गया कि पीडि़ता ने किसी तरह एक पत्र के माध्यम से यह जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई है कि वह कैद में और दबंग उसे प्रताडि़त कर रहे हैं। इस मामले में कुंभराज पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए गए हैं। युवती द्वारा भेजी गई चिट्ठी में गुहार लगाई गई है कि उसकी यह व्यथा एसपी सहित मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाए। ताकि उसे दबंगों के कब्जे से मुक्त कराया जाए। युवती ने कहा कि मेरे मामा से कहो कि मुझे बचा लें और अपने मामा होने का धर्म निभाएं।
इस मामले में प्रमाण के तौर पर उस वैन मालिक से भी चर्चा कराई गई है, जो आरोपियों को गुना तक लाया था। मारूति वैन के चालक ने बताया कि आरोपियों ने युवती को अगवा करने बाद किसी को प्रकरण के संबंध में सूचना भी दी थी। पर किसी ने कोई खास कदम नहीं उठाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुराग इकट्ठा कर रही हैं। ताकि कैद हुई युवती तक पहुंचा जा सकें और मुजरिमों को सजा दी सकें। पर, अभी तक कोई ऐसा खास सुराग नहीं मिला है। जिससे युवती तक पहुंचा जा सकें।