mp news: दो साल के रिलेशन के बाद युवती को धोखा देकर भागा प्रेमी, 4 दिन बाद करने वाले थे लव मैरिज।
mp news: मध्यप्रदेश के गुना में एक युवती को उसका प्रेमी शादी से महज 4 दिन पहले धोखा देकर भाग गया। प्रेमी के भागने के बाद युवती ने एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक वो कोर्ट में लव मैरिज करने वाले थे लेकिन प्रेमी उसे छोड़कर भाग गया है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों के सामने रोते हुए कहा है कि वह युवक को दोबारा स्वीकार नहीं करेगी और उसे सजा दिलाकर ही दम लेगी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक की तलाश शुरु कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक वो एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। उसके माता-पिता ग्वालियर शिफ्ट हो चुके हैं। पिछले दो साल से उसका अंकित चौहान नाम के युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। अंकित ने उसके साथ मंदिर में शादी भी की थी और नोटरी पर एंग्रीमेंट भी बनवाया था। अंकित उसे किराए का कमरा दिलाकर पत्नी की तरह रखता था और प्यार करता था। वह भी अंकित को पति की तरह मानती थी, उसके नाम का मंगलसूत्र पहनती थी और उसके लिए करवाचौथ का व्रत भी रखती थी।
पीड़िता ने एसपी ऑफिस पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को बताया कि वो और अंकित चार दिन पहले कोर्ट में लव मैरिज करने वाले थे। सब कुछ पहले से तय था लेकिन कुछ दिन पहले से अंकित कोर्ट मैरिज की बात टाल रहा था। अंकित के परिजन सरकारी नौकरी में हैं और वो नहीं चाहते थे कि अंकित मुझसे शादी करे इसलिए उस पर दबाव डाल रहे थे। पीड़िता ने अधिकारियों से कहा है कि अंकित ने उसे धोखा दिया है और उससे पीछा छुड़ाने की नीयत से भागा है वो उसे किसी भी कीमत पर दोबारा स्वीकार नहीं करेगी और सजा दिलाकर ही दम लेगी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक अंकित की तलाश शुरु कर दी है।