गुना

खाली सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक, अधिकारियों ने दिलवाया भरा सिलेंडर

mp news: जनसुनवाई में खाली सिलेंडर लेकर पहुंचा युवक, हरकत में आया खाद्य विभाग, गैस एजेंसी के कर्मचारी को बुलाकर दिलवाया भरा सिलेंडर।

2 min read
Mar 17, 2026
man empty lpg cylinder jansunwai gas delivery delay (source-patrika)

mp news: मध्यप्रदेश के गुना में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया। यहां एक युवक खाली गैस सिलेंडर लेकर जनसुनवाई में अधिकारियों के सामने पहुंच गया। युवक को सिलेंडर के साथ देख अधिकारी हैरत में पड़ गए। पीड़ित युवक आवेदन के साथ बतौर सबूत खाली सिलेंडर लेकर अधिकारी के समक्ष पहुंचा और अपनी समस्या बताई। उसने बताया कि नंबर लगाने के आठ दिन बाद भी उसे सिलेंडर नहीं मिला और गैस एजेंसी स्टाफ ने भी उसे संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो उसे मजबूरन खाली सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट आना पड़ा। समस्या सुनने के बाद खाद्य विभाग के अधिकारियों ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों को बुलाकर उसे मौके पर ही भरा हुआ सिलेंडर दिलवाया।

देखें वीडियो-

ये भी पढ़ें

राजा रघुवंशी हत्याकांड के आरोपी ने किया नया कांड

8 दिन पहले की थी बुकिंग

शहर की हनुमान कॉलोनी में रहने वाले दिनेश कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने आठ दिन पहले सिलेंडर की बुकिंग की थी। इसके बाद कन्फर्म नंबर भी मोबाइल पर आ गया था। इसके बाद भी एजेंसी स्टाफ सिलेंडर नहीं भेज रहे थे। कह रहे थे कि पांच दिन बाद आना, तब सिलेंडर मिलेगा। दिनेश ने बताया कि उसके घर की गैस खत्म हो चुकी है और वो आठ दिन से गैस सिलेंडर को भरवाने के लिए परेशान हो रहा है। उसने आगे कहा कि अब काम करने जाए या फिर गैस सिलेंडर लेकर घूमे कुछ समझ नहीं आ रहा है। घर पर खाना पकाने के लिए क्या पेड़ काटकर जलाने लगे?

अधिकारियों ने दिलवाया सिलेंडर

फरियादी दिनेश कुमार यादव की पूरी बात सुनने के बाद तुरंत खाद्य विभाग के अधिकारी हरकत में आए और गैस एजेंसी के कर्मचारी को कलेक्ट्रेट में बुलवाकर दिनेश को भरा हुआ सिलेंडर दिलवाया। आशीष चतुर्वेदी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी खाद्य विभाग ने बताया कि जनसुनवाई में जो मामला सामने आया था, उसमें हमने एजेंसी संचालक से बात कर जानकारी ली। बताया कि सर्वर में इश्यू होने के कारण बुकिंग में डिले हो गया था। उनका बुकिंग नंबर क्लियर हो गया, तो उनको सिलेंडर दिलाया गया है। बता दें कि मध्यप्रदेश ही नहीं देश के अधिकतर हिस्सों से गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं और लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें

मां ने हाथों से समेटे बच्ची के टुकड़े, परिवार ने सड़क से धोया खून

Published on:
17 Mar 2026 05:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर