MP News: महिला तहसीलदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए पति पर शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
MP News: मध्यप्रदेश में महिला तहसीलदार के साथ पति के द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मामला गुना जिले का है जहां पदस्थ महिला तहसीलदार आरती गौतम ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में तहसीलदार आरती गौतम ने आरोप लगाया है कि पति शादी के बाद से ही उन्हें प्रताड़ित करते हैं और शनिवार दोपहर को भी पति ने मारपीट की है, जिससे मुंह में अंदरूनी चोट आई है। पुलिस ने महिला तहसीलदार की शिकायत पर उनके पति विजेन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
महिला तहसीलदार आरती गौतम ने गुना के केंट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी शादी 21 जनवरी 2020 को मुरैना जिले के सुसानी के रहने वाले विजेन्द उचाड़िया के साथ हुई थी। शादी के बाद विदा होकर 22 जनवरी 2020 को वह ग्राम सुसानी पहुंची तो देवर से हंसी-मजाक करते हुए पति विजेन्द्र ने देख लिया। देवर से हंसी-मजाक करना पति को इतना बुरा लगा कि उन्होंने अश्लील गालियां दीं और शादी की रात ही सारे गिफ्ट फेंककर मुझसे कहा कि तुझे तो नौकरी वाला लड़का ही चाहिए था।
पीड़ित महिला तहसीलदार आरती गौतम ने पुलिस को बताया कि पति विजेन्द्र शादी की पहली रात से ही उन्हें प्रताड़ित कर रहा है। तहसीलदार आरती गौतम के मुताबिक जब उनकी पोस्टिंग भिंड में हुई तो वहां भी पति विजेन्द्र ने उन्हें पैसे आदि को लेकर प्रताड़ित किया, उसे मायके नहीं जाने देते थे और इतना ही नहीं पिता से पैसे लाने की बात कहकर उस पर दबाव डालते और मारपीट करते थे।
पीड़ित महिला तहसीलदार आरती गौतम के मुताबिक वो शनिवार दोपहर को अपने गुना स्थित सरकारी आवास पर थीं। इसी दौरान पति विजेन्द्र ने उनसे पैसों और ज्वेलरी मांगी, जब उन्होंने मना किया तो पति ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके मुंह में अंदरूनी चोट आई है। पति के द्वारा मारपीट किए जाने के बाद तहसीलदार आरती गौतम ने केंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरती गौतम की शिकायत पर उनके पति विजेन्द्र के विरुद्ध बीएनएस की धारा 85 एवं 324(4) के तहत मामला कायम किया है और जांच शुरु कर दी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला तहसीलदार की शिकायत पर पति पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।