MP News: पूर्व जनपद अध्यक्ष का भतीजा था मृतक, घटना के इलाके में भारी तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा।
MP News: मध्यप्रदेश के गुना जिले में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के कोन्याकला गांव की है। जिस युवक की हत्या की गई है वो पूर्व जनपद अध्यक्ष का भतीजा है और वो अपने एक दोस्त के साथ कार से महिला मित्र से मिलने के लिए गया था। जब युवक महिला मित्र से बातचीत कर रहा था तभी कुछ लोग वहां पर आ गए और उसके साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने युवक को इस कदर पीटा कि उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
चांचौड़ा थाना क्षेत्र के कोन्याकला गांव में पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे गिरीश मीना की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गिरीश के दोस्त कृष्णगोपाल मीना ने पुलिस को बताया कि गिरीश को अपनी एक महिला मित्र से मिलना था और इसलिए वो उसे कार से अपने साथ कोन्याकला गांव लेकर गया था। गांव पहुंचने के बाद गिरीश ने उसे कार में ही बैठने के लिए कहा और खुद स्कूल के पास महिला मित्र से मिलने के लिए चला गया।
मृतक के दोस्त कृष्णगोपाल मीना के मुताबिक जब गिरीश मीना अपनी महिला मित्र से बातचीत कर रहा था तभी गांव के चंदू मीना, रामविलास मीना, मनीष मीना और गोविंद मीना मौके पर पहुंचे और गिरीश को पकड़कर गालियां देते हुए मारपीट करना शुरू कर दी। वो गिरीश को बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे धमकाया और भगा दिया। वो वहां से भागा और गिरीश के परिजनों को बताया कि गिरीश को कोन्याकला गांव में लोग मार रहे हैं। परिजन मौके पर पहुंचे और गिरीश को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने गिरीश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के दोस्त कृष्णगोपाल मीणा की रिपोर्ट पर आरोपी चंदू, रामविलास, मनीष और गोविंद मीणा के खिलाफ धारा 103(1) (हत्या), 296(ए) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और इसे लेकर भी पुलिस अलर्ट है।