गुना

राष्ट्रपति कोविंद का एमपी दौरा, ऐसे बीतेगा पूरा दिन

राष्ट्रपति कोविंद का एमपी दौरा, ऐसे बीतेगा पूरा दिन
2 min read
• •
Updated: 28 Apr 2018, 11:10 AM IST
president of india, ramnath kobind, patrika bhopal, guna news, patrika news, cm shivraj singh chouhan, president ramnath kobind,

गुना. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का दौरा कार्यक्रम प्रशासन के पास आ गया है। इसके मुताबिक महामहिम अब 29 अप्रैल को 11.30 बजे सीधे बमौरी पहुंचेंगे। इसके बाद 1.30 बजे शहर में आएंगे।

कलेक्टर बी. विजय दत्ता ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि महामहिम के दौरा कार्यक्रम में लगातार बदलाव हो रहा है। फिलहाल जो कार्यक्रम निर्धारित हुआ है, उसके मुताबिक बमौरी में सम्मेलन में शामिल होने के बाद वह 1.30 बजे गुना सर्किट हाऊस आएंगे, यहां गणमान्य नागरिकों से मिलेंगे।

इसके बाद हनुमान कालोनी में अपने निजी कार्यक्रम में जाएंगे। शहर में वह 4 घंटे रुकेंगे। शाम 5.30 बजे दिल्ली रवाना होंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम शिवराज चौहान कुछ देर पहले ही बमौरी पहुंच जाएंगे।

सिर्फ सौ लोग ही मिल सकेंगे महामहिम से
राष्ट्रपति से मिलने वाले लोगों की सूची राजभवन से जिला प्रशासन को मिल चुकी है। इसमें लगभग सौ नाम है। कलेक्टर के अनुसार सूची में ज्यादा फेरबदल नहीं होगा। जिन लोगों के नाम दिल्ली से स्वीकृत होकर आएं हैं, वह राष्ट्रपति से सर्किट हाऊस में व्यक्तिगत रूप से मिल सकेंगे।

भोपाल से आई टीम, दिल्ली से आज आएंगे
राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों और कार्यक्रम के लिए भोपाल से प्रशासन और पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में आए हैं। जबकि दिल्ली से सुरक्षा और राजभवन से जुड़े अधिकारी शनिवार को शहर में डेरा डाल लेंगे। बताया जाता है कि दौरे को लेकर मिनट-टू-मिनट समीक्षा का दौर जारी है। किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए निगरानी की जा रही है।

बमौरी में बनाए 4 हेलीपेड, चप्पे-चप्पे पर नजर
बमौरी में असंगठित क्षेत्रों के मजदूरों और तेंदूपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन में पहुंच रहे राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के लिए चार हेलीपेड बनाए गए हैं।

सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। बमौरी और आसपास के क्षेत्रों पर पुलिस के जवान हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। आम नागरिकों को परेशानी न हो, इसलिए प्रचार भी हो रहा है।

बाहर से गई पुलिस बुलाई, बम निरोधी दस्ता भी तैनात
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को देखते हुए गुना शहर पूरी तरह पुलिस और सुरक्षा बलों की निगरानी में है। बल की कमी देखते हुए रीवा, सतना, सागर और ग्वालियर सहित विभिन्न जिलों से लगभग एक हजार जवान बुलाए गए हैं, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात है। वहीं भोपाल से बम निरोधी दस्ता और स्नोफर डॉग भी आ चुका है। जिसे पुलिस लाईन पहुंचाया गया है, दौरे से पहले इसे दौरो में शामिल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घुमाया जाएगा।

Published on: