गुना

Patrika Impact: आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने वाले 14 दबंगों पर FIR

Tribal Land Encroachment: बेदखली के बाद फिर से दबंगों ने कर लिया था कब्जा, पत्रिका ने सितंबर और अक्टूबर में प्रकाशित की थीं खबरें, अब हाईकोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 7:38 PM IST
Guna collectorate
Guna collectorate, गुना कलेक्ट्रेट की फाइल फोटो (Source-Patrika File)

Guna Tribal Land Encroachment: मध्यप्रदेश के गुना जिले में आदिवासी सहरिया समाज की जमीन पर कब्जे का बड़ा मामला सामने आया है। अदालत के आदेश को ठेंगा दिखाकर दबंगों ने फिर से आदिवासियों की पट्टे की जमीन पर कब्जा कर लिया। मामले में कलेक्टर के आदेश पर चांचौड़ा एसडीएम अमित सोनी ने कुंभराज थाने में 14 दबंगों के खिलाफ एससी व एसटी एक्ट के तहत 10 प्रकरण दर्ज कराए हैं। बता दें कि पत्रिका ने बीते 10 सितंबर और अक्टूबर के महीने में आदिवासियों की जमीनें हथियाने के मामले को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने कलेक्टर कोर्ट व एसडीएम कोर्ट से आदिवासियों की जमीनों को खाली कराने आदेश पारित किए थे।

यह है पूरा मामला

राजस्व विभाग के अनुसार, मप्र भू- राजस्व संहिता 1959 की धारा 170- बी के तहत जिले में आदिवासियों की कुल 119 मामलों की जांच हुई थी। जांच में सामने आया कि, सरकार ने सहरिया आदिवासियों को दिए पट्टों की जमीन पर गैर-आदिवासी (दबंगों) ने अवैध कब्जा कर रखा है। इस पर ग्वालियर हाईकोर्ट के आदेश पर एसडीएम कोर्ट ने बेदखली का आदेश पारित किया था और जमीन भी पुलिस की मौजूदगी में वास्तविक आदिवासी मालिकों को वापस दिला दी थी। लेकिन बेदखली के कुछ दिन बाद ही दबंगों ने फिर से लाठी-डंडों के बल पर खेतों में घुसकर खेती करते लगे थे। इसकी शिकायत पीड़ित परिवारों ने कलेक्टर और एसडीएम से की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ आपराधिक अतिचार और अजा/अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराए हैं।

इन्हें बनाया आरोपी

एसडीएम सोनी के बताया कि, कुंभराज थाने में रमेश सहरिया कुंजाखेड़ा की जमीन पर बृजनारायण मीणा कुंजाखेड़ा, इमरत सहरिया की जमीन पर जयप्रकाश मीणा और महेश मीणा, इमरतलाल सहरिया ऊपरी की जमीन पर हरिचरण मीणा, गोविंद मीणा, महेश मीणा और बृजेश मीणा, श्रीलाल सहरिया की जमीन पर चंदन रामविलास मीणा, कैलाशनारायण सहरिया की जमीन पर गंगाविशन मीणा, सीताराम सहरिया की जमीन पर बृजनारायण मीणा, जतनबाई सहरिया की जमीन पर गोविंद मीणा, मदनलाल सहरिया की जमीन पर रामदयाल गुर्जर, मांगीलाल सहरिया की जमीन पर बृजनारायण मीणा, धुरीलाल सहरिया की जमीन पर रामदयाल गुर्जर ने कब्जा कर लिया था इन सभी के खिलाफ केस दर्ज कराए गए हैं। एसपडीएम चांचौड़ा अमित सोनी ने बताया कि आदिवासियों की जमीनों पर गैर आदिवासियों के कब्जे थे, हमने उन्हें खाली कराकर उनका हक दिलाया था। इसके बाद फिर से दबंगों ने कब्जे कर लिए थे। हाईकोर्ट के आदेश पर 10 केस में 14 के खिलाफ और एफआइआर कराई है।

Updated on:
25 Nov 2026, 7:38 PM IST
Published on: