
गुना से वीरेंद्र जोशी की रिपोर्ट
Guna News :मध्य प्रदेश के गुना जिले के धरनावदा के अंतर्गत आने वाले कनेरा चक गांव में एक ही दिन में पुलिस टीम और परिवार पर हमले का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बता दें कि, गुरुवार शाम पेट्रोलिंग कर रही झागर चौकी पुलिस पर पारदी बदमाशों ने फायरिंग की है। ताबड़-तोड़ फायरिंग के बीच पुलिस टीम को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। इसके बाद गांव के ही एक अन्य पारदी परिवार पर भी बदमाशों ने फायरिंग की है। बताया जा रहा है कि, परिवार पर पुलिस से मुखबिरी के शक में फायरिंग की गई है। हमले में मां-बेटे, बहन और भाई समेत परिवार के 4 गंभीर रुप से घायल हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में देर शाम एफआइआर दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है।
बताया जा रहा है कि, झागर चौकी प्रभारी एसआई अनिल कदम एक अन्य आरक्षक के साथ चौकी के वाहन से पेट्रोलिंग करते हुए कनेरा चक से बीलाखेड़ी की तरफ जा रहे थे। तभी शाम करीब 5 बजे कनेरा चक गांव में एक मकान की छत पर बैठकर शराब पी रहे बदमाशों को लगा कि, पुलिस उन्हें पकड़ने आ रही है। इसी संदेह में उन्होंने छत से ही पुलिस वाहन और फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही पुलिस टीम अपने वाहन को तेजी से भगाते हुए बीलाखेड़ी की तरफ निकल गई। इस दौरान पुलिस जीप के टायर, शीशे और छत में एक गोली लगने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस की बदनामी की वजह से धरनावदा थाना प्रभारी रोहिल शर्मा घटना में सिर्फ पारदियों में आपस में गोलियां चलने की बात कह रहे हैं, साथ ही पुलिस टीम के वाहन पर फायरिंग की घटना से इंकार कर रहे हैं।
इस घटना के बाद छत पर शराब पी रहे बदमाश तुरंत नीचे आए पुलिस को मुखबिरी के शक में कुछ दिन पूर्व पुलिस को सरेंडर करने वाले बेचैन पारदी के भाई अवतार पारदी के घर जाकर उसके ऊपर फायरिंग कर दी। इसमें अवतार पारदी के पेट, कंधे और हाथों में छर्रे लगे हैं। वहीं, बीच-बचाव कर रही अवतार की मां धनबाई पारदी, बहन रंजाना पारदी व भाई ददलो पारदी पर भी आरोपियों ने ताबड़-तोड़ फायरिंग की है। इसमें चारों गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद बीलाखेड़ी पहुंची झागर चौकी पुलिस ने मामले की सूचना धरनावदा थाना प्रभारी समेत वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद धरनावदा थाने के पहुंचे अन्य फोर्स के साथ गांव में आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में प्रताप सिंह पुत्र रज्जू, इंदल पुत्र बर्बरया पारदी, धन सिंह पुत्र बर्बरया पारदी, हुक्का पुत्र लप्पा, केटू पुत्री जॉनी, देवधर पुत्र शक्ति पारदी, अक्षय पुत्र रतन पारदी, हरवीर पुत्र हेमराज पारदी, वीरा उर्फ वीर सिंह पुत्र हेमराज पारदी के खिलाफ हत्या का प्रयास, बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।