गुना

बड़ी खबर: सरकार में संविदा कर्मचारियों की इस धमकी से मचा हड़कंप! स्वास्थ्य सेवाएं लड़खड़ाईं- video

जिला और तहसील के अस्पतालों के अलावा अन्य विभागों की सेवाएं लडख़ड़ाईं...
2 min read
• •
Updated: 20 Feb 2018, 1:10 PM IST
strika

गुना@प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट...

नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों के लिए संविदा कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गई है। इसके होते ही स्वास्थ्य समेत कई सेवाएं लडख़ड़ाने लगी। जिला और तहसील के अस्पतालों के अलावा अन्य विभागों की सेवाएं भी लडख़ड़ाती नजर आई।
सबसे अधिक परेशानी अस्पतालों में इन कर्मचारियों के न होने से मरीज को हुई, जिनको इंजेक्शन लगाने वाला कोई नहीं था और न ही दवाई देने वाला।

हड़ताली कर्मचारियों ने एक राय होकर घोषणा की कि हमको जल्द नियमित नहीं किया तो अभी मुंगावली-कोलारस समेत आगामी समय में होने वाले चुनावों में भाजपा और प्रदेश सरकार का विरोध करेंगे। वहीं सूत्रों के अनुसार इस धमकी से सरकार में हड़कंप मच गया है।

इसके अलावा महिलाओं ने भी नियमितीकरण न किए जाने पर देहदान करने की बात कही है। हड़ताल के पहले दिन जिला अस्पताल गेट के सामने धरना दिया और शास्त्री पार्क से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा।

बीस फरवरी को सभी विभागों में काला दिवस मनाने की घोषणा की है। गुना जिले में 27 अलग-अलग विभागों में 15०० संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें 75 प्रतिशत संविदा स्वास्थ्य विभाग में अलग-अलग पदों पर नियुक्त हैं।

संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलनात्मक रवैया अपना लिया है। जिसके तहत जिले भर के संविदा कर्मचारी जिला अस्पताल गेट के सामने एकत्रित हुए, जहां धरना दिया।

आंदोलनकारियों को संबोधित कर संविदा कर्मचारी नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जमकर प्रहार किए और कहा कि प्रदेश सरकार से हमारी आर-पार की लड़ाई शुरू हो गई है जो आखिरी परिणाम तक पहुंचेगी जिसके बाद दोपहर में यह लोग रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे।

वहीं विदिशा में भी संविदा स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। आज यानि मंगलवार को यहां कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध जता रहे हैं।

इस दौरान गुना में आभा सक्सेना, गौरव सिंह चौहान, दिनेश शर्मा , सुनील यादव, भूपेन्द्र सिंह पवार, लव धाकड़, डा. परिता, रंजीता मुजालदे, भावना, अनीता सिंह, नीरा भार्गव के अलावा ग्वालियर-चंबल संभाग व राजगढ़ से आए संविदा कर्मचारी शामिल रहे।

मप्र संविदा संयुक्त संघर्ष मंच गुना की कार्यकारी संयोजक आभा सक्सेना ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि यह वर्ष मांग और छीनने का है। विधायकों को एक लाख रुपए वेतन दिया जा रहा है, संविदा कर्मचारियों को केवल आठ हजार रुपए।

हमको नियमित किया जाए नहीं तो सारी संविदा कर्मचारी बहनें अपनी देह दान करेंगे और आगामी चुनावों में भाजपा का विरोध भी करेंगे। संविदा कर्मचारी नीरा भार्गव ने कहा कि आठ हजार में कैसे हम लोग अपने परिवार का भरण पोषण कर सकते हैं।

इधर,स्वास्थ्य कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन...
वहीं भोपाल में अपनी मांग को लेकर संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार को भी नीलम पार्क में काला दिवस मानते हुए प्रदर्शन किया। वहीं देवी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।

Published on: