गुना

तेज रफ्तार वाहन पेड़ से टकराया, 2 की मौके पर मौत 8 गंभीर, जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे 12 लोग

Road Accident : धरनावदा के पास एक 4 पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि, टक्कर के चलते दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 8 वाहन सवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
2 min read
Dec 21, 2025
Road Accident
पेड़ से टकराई फोर व्हीलर (Photo Source- Patrika)

Road Accident :मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आलम ये है कि, यहां हर रोज सैकड़ों लोग हादसों का शिकार होकर घायल हो रहे हैं, जबकि इन्हीं में से दर्जनों अपनी जान भी गवा रहे हैं। इसकी ताजा बानगी देखने को मिली सूबे के गुना जिले में गुना जिले में, यहां धरनावदा के पास एक 4 पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि, टक्कर के चलते दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 8 वाहन सवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि, सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि, हादसे का शिकार हुए सभी वाहन सवार जन्मदिन की पार्टी मनाने धरनावदा आए थे। मृतक और घायल धरनावदा के आसपास के ही बताए जा रहे हैं।

जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे थे वाहन सवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुलाय गांव में आयोजित एक जन्मदिन समारोह की पार्टी मनाकर ये सब लोग एक चार पहिया वाहन से लौट रहे थे, इसी बीच धरनावदा के पास शनिवार-रविवार की दम्यानी रात 2 बजे ये वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से इतनी तेज गति से टकराया कि, वाहन काफी ऊंचाई तक उछल गया। वाहन में बैठे 12 लोगों में 2 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे में ये हुए घायल

बताया गया कि, इस दुर्घटना में माया कंजर पत्नी रामदास निवासी बिलौरी चिंता कटारा और उकावद खुर्द निवासी लालसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा  मोहन, नरेंद्र लोधा, चंचल बाई, अरविंद लोधा, फूल सिंह, रायना बाई, नगमा कंजर और रूप सिंह घायल हुए हैं। घटना की जानकारी लगते ही राघौगढ़, कुंभराज समेत आसपास के इलाकों से एबुंलेंस पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। फिलहाल, सभी घायलों को गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

Updated on:
21 Dec 2025 12:40 pm
Published on:
21 Dec 2025 12:40 pm