गुडगाँव

गुरुग्राम हिट एंड रन केस: बयान लेने के लिए बाइकर सिया के घर पहुंची पुलिस टीम, आरोपी पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज

Gurugram Hit and Run Case: गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में पुलिस टीम पीड़िता बाइकर सिया के घर पहुंची और उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
2 min read
Sep 15, 2026
Gurugram Hit and Run Case
बयान लेने के लिए बाइकर सिया के घर पहुंची पुलिस टीम, फोटो सोर्स- इंस्टाग्राम ( rebelwheels_sia_)

Gurugram Woman Biker: गुरुग्राम के चर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस की एक टीम मंगलवार को महिला बाइकर सिया के घर पहुंची। पुलिस टीम ने मामले को लेकर पीड़िता का बयान दर्ज किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। बता दें कि यह मामला गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार का कथित तौर पर पीछा करने और उसकी बाइक को कार से टक्कर मारने से जुड़ा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया था।

पुलिस टीम सिया के घर पहुंची

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इसी क्रम में पुलिस टीम सिया के घर पहुंची और घटना को लेकर उनका बयान दर्ज किया। पुलिस अब पीड़िता के बयान, वायरल वीडियो और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।सिया ने इससे पहले कहा था कि वह अपने वकील के साथ पुलिस में FIR दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई करेंगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह भी कहा था कि वह मीडिया से बातचीत नहीं करना चाहतीं और अपनी पहचान तथा चेहरा सार्वजनिक नहीं करना चाहतीं।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना रविवार को गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। सिया ने आरोप लगाया था कि एक कार लगातार उनकी बाइक का पीछा कर रही थी। वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से जा रही थीं। उनके मुताबिक, कार में सवार लोग नशे में दिखाई दे रहे थे और कार चालक ने उन्हें रुकने के लिए कहा था।

सिया ने बताया था कि उन्हें स्थिति सुरक्षित नहीं लगी, इसलिए उन्होंने बाइक नहीं रोकी। वायरल हुए एक्शन कैमरा फुटेज में कथित तौर पर कार को बाइक के पीछे आते और फिर बाइक को टक्कर मारते हुए देखा गया। टक्कर के बाद सिया बाइक से गिर गई थीं और उनकी बाइक कुछ दूरी तक घिसटती हुई गई थी। इसके बाद कार मौके से निकल गई। सिया के एक दोस्त ने कार का पीछा किया और ट्रैफिक सिग्नल पर चालक से बात करने की कोशिश की। आरोप है कि चालक ने घटना में अपनी जिम्मेदारी से इनकार किया और वहां से चला गया।

कार मालिक ने क्या कहा था?

मामले में सामने आए वाहन के मालिक मनीष ने बताया था कि कार उनकी है, लेकिन घटना के समय वह उनके पास नहीं थी। उनके मुताबिक, उनके दोस्त कल्याण ने दो दिन पहले उनसे कार ली थी। मनीष ने कहा था कि वह उस समय काम पर थे और उन्हें घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिली। उन्होंने यह भी बताया था कि कल्याण उनके फोन का जवाब नहीं दे रहा था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

महिला बाइकर सिया द्वारा साझा किए गए वीडियो के वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा था। वीडियो में कथित तौर पर कार को बाइक का पीछा करते और टक्कर मारते हुए देखा गया था। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की बात कही थी। पुलिस अब सिया के बयान और उपलब्ध वीडियो फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
15 Sept 2026 01:56 pm
Published on:
15 Sept 2026 12:53 pm
Also Read
View All