गुडगाँव

गुरुग्राम में महिला बाइक सवार का कार ने किया पीछा, फिर मारी टक्कर; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

Gurugram Road Rage: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर रोड रेज के दौरान कार सवार ने महिला बाइक सवार का पीछा कर उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।
2 min read
Sep 14, 2026
Gurugram Road Rage
महिला बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, फोटो सोर्स- इंस्टाग्राम ( rebelwheels_sia_)

Gurugram Woman Biker: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर रोड रेज की एक घटना में कार सवार ने महिला बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में महिला घायल हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार सुबह की है। महिला की पहचान सिया के रूप में हुई है, जो अपनी अप्रिलिया स्पोर्ट्स बाइक पर दोस्तों के साथ अलग-अलग बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान एक सफेद रंग की सेडान कार में सवार व्यक्ति ने उनकी बाइक के बेहद करीब आकर उन्हें रुकने का इशारा किया। सिया ने बताया कि कार चालक ने गोल्फ कोर्स रोड पर उनका पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने कार चालक से दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन वह लगातार हाथ के इशारे से उन्हें बाइक रोकने के लिए कहता रहा।

सिया ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया वीडियो

सिया ने अपने इंस्टाग्राम पेज ‘rebelwheels_sia_’ पर घटना का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि कार में सवार लोग नशे में थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने कार से दूरी बनाए रखने की पूरी कोशिश की। उनके एक दोस्त ने भी बाइक चलाते हुए कार को रोकने या उनके करीब आने से बचाने की कोशिश की, लेकिन कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वीडियो में महिला बाइक सवार सड़क पर कई फीट तक घिसटती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि टक्कर के बाद उनकी बाइक अलग दिशा में फिसलती नजर आती है। ये वीडियो बाइक पर लगे कैमरों से रिकॉर्ड हुए हैं। घटना के बाद महिला के एक दोस्त ने ट्रैफिक सिग्नल पर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक कथित तौर पर कार लेकर मौके से फरार हो गया। सिया ने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी सोशल मीडिया पोस्ट में साझा किया है।

मामले में पुलिसिया कार्रवाई जारी

गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की पुष्टि की जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो की मदद से गोल्फ कोर्स रोड पर हादसे की सटीक जगह और संबंधित थाना क्षेत्र का पता लगाया जा रहा है, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद पीड़िता की ओर से न तो पुलिस कंट्रोल रूम को कोई सूचना दी गई और न ही कोई लिखित शिकायत मिली है। पुलिस अब पीड़िता से संपर्क कर लिखित शिकायत लेने और कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने का प्रयास करेगी।

सिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस घटना के बाद उन्हें गुरुग्राम की सड़कों पर असुरक्षित महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को लोगों को टक्कर मारने और मौके से भाग जाने का डर नहीं रहता।

Updated on:
14 Sept 2026 12:36 pm
Published on:
14 Sept 2026 12:36 pm