Sonipat TDI City Triple Murder: सोनीपत की TDI सिटी में अवैध संबंध के विवाद को लेकर आरोपी ब्रह्म प्रकाश ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने तीन पड़ोसियों (विजय, सुनीता और स्वाती) की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने नशे में धुत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Sonipat Crime News Today:हरियाणा के सोनीपत स्थित टीडीआई सिटी (TDI City) से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला तिहरा हत्याकांड (Triple Murder) सामने आया है। यहां एक आवासीय परिसर में अवैध संबंध के विरोध से उपजे विवाद में एक सिरफिरे शख्स ने लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर अपने ही तीन पड़ोसियों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरी सोसाइटी में चीख-पुकार मच गई और डर के मारे लोग घरों से बाहर निकल आए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कुंडली थाना पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे की है। टीडीआई सिटी के फ्लैट नंबर L-1299 की पहली मंजिल पर रहने वाले 50 वर्षीय विजय और उनकी 47 वर्षीय पत्नी सुनीता (मूल निवासी कोर्ट मोहल्ला, सोनीपत) का पड़ोसी ब्रह्म प्रकाश के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह बहस इतनी हिंसक हो गई कि आरोपी ब्रह्म प्रकाश ने आपा खो दिया और लोहे की रॉड व धारदार हथियार से लैस होकर हमला बोल दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी ने पहले महिलाओं पर ताबड़तोड़ वार किए और फिर बीच-बचाव करने आए विजय पर टूट पड़ा। हमला इतना भीषण था कि विजय, उनकी पत्नी सुनीता और दूसरी मंजिल पर रहने वाली एक अन्य पड़ोसी महिला स्वाती (32 वर्ष, पत्नी वीरेंद्र, निवासी बरोली) की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच और स्थानीय निवासियों के बयानों से जो खुलासा हुआ है, वह चौंकाने वाला है। दरअसल, पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी ब्रह्म प्रकाश का सोसाइटी में ही रहने वाली एक महिला के साथ कथित रूप से अवैध संबंध था। सोसाइटी के लोग और पड़ोसी लगातार इस पर आपत्ति जता रहे थे और आरोपी को टोकते थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार ब्रह्म प्रकाश का पड़ोसियों के साथ तीखा विवाद और आमना-सामना हो चुका था। आरोपी का स्वभाव बेहद आक्रामक था और वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगता था।
वारदात के वक्त फ्लैट के भीतर से आ रही दर्दनाक चीखों और मदद की गुहार सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत विजय के बड़े भाई को फोन पर सूचना दी। जब तक विजय का बड़ा भाई बदहवास हालत में मौके पर पहुंचा, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। कमरे का दरवाजा खोलते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई; तीनों पड़ोसियों के शव खून के बड़े तालाब में लथपथ पड़े हुए थे। यह खौफनाक मंजर देखकर पूरी कॉलोनी में दहशत फैल गई।
त्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही कुंडली थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर सेठी मलिक भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
इंस्पेक्टर सेठी मलिक ने पत्रकारों को बताया कि देर रात ट्रिपल मर्डर की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपी ब्रह्म प्रकाश को हिरासत में ले लिया गया है। वारदात के वक्त वह अत्यधिक शराब के नशे में धुत था। घटनास्थल से खून से सनी लोहे की रॉड और अन्य हथियार बरामद कर लिए गए हैं।