
गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर के कमरे में ले जाकर पत्नी को उतारा मौत के घाट
Gurugram Police Dead Body In Bathroom: हरियाणा के गुरुग्राम जिले के मानेसर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला हत्याकांड सामने आया है। यहां एक कलयुगी पति ने अपनी नवविवाहित पत्नी को बहला-फुसलाकर अपनी प्रेमिका (लिव-इन पार्टनर) के किराये के कमरे पर ले गया और वहां उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी ने पत्नी की लाश को बाथरूम में बंद कर दिया और अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया। रविवार को जब पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो बाथरूम के भीतर से नवविवाहिता का कई दिन पुराना सड़ चुका शव बरामद हुआ। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका मधु की शादी इसी साल 19 फरवरी को मानेसर गांव के रहने वाले अंकित भगत के साथ हुई थी। अंकित कोई नौकरी नहीं करता था और गांव में ही खेती-बाड़ी संभालता था। शादी के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन शादी के महज 90 दिनों के भीतर ही इस रिश्ते का खूनी अंत हो गया। मधु के पिता अशोक ने पुलिस को बताया कि 21 मई को अचानक मधु संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। बेटी के गायब होने के बाद दामाद अंकित और उसके परिजनों ने संवेदनशीलता की सारी हदें पार करते हुए एक घिनौनी साजिश रची। ससुराल वाले अशोक के घर पहुंचे और एक झूठी कहानी सुनाते हुए दावा किया कि मधु घर में रखे सारे सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेटकर किसी गैर मर्द के साथ भाग गई है।
ससुराल पक्ष की मनगढ़ंत कहानी पर मायके वालों को जरा भी भरोसा नहीं हुआ। वे तुरंत 21 मई को ही मानेसर थाने पहुंचे और पुलिस को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके साथ ही मायके वालों ने अपने स्तर पर भी आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पड़ोसियों ने एक ऐसा सुराग दिया, जिसने मामले का रुख पूरी तरह अंकित की तरफ मोड़ दिया। पड़ोसियों ने खुलासा किया कि 21 मई को मधु अपनी मर्जी से घर से नहीं भागी थी, बल्कि उसका पति अंकित खुद उसे अपनी स्कूटी पर आगे बैठाकर कहीं लेकर गया था।
इस जानकारी के बाद जब पुलिस ने अंकित के बैकग्राउंड और हरकतों को खंगाला, तो एक चौंकाने वाला सच सामने आया। पता चला कि अंकित ने पिछले दो साल से मानेसर बस स्टैंड के पास गुपचुप तरीके से एक कमरा किराये पर ले रखा था, जहाँ उसकी एक प्रेमिका उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी।
इस पुख्ता सुराग के आधार पर रविवार दोपहर मानेसर थाना पुलिस भारी बल के साथ बस स्टैंड के पास स्थित उस किराये के मकान पर पहुंची। कमरा बाहर से पूरी तरह लॉक था। पुलिस ने जब ताला तोड़कर कमरे के भीतर प्रवेश किया, तो वहां का नजारा देख अधिकारियों के पैर तले जमीन खिसक गई। पूरे मकान में लाश की असहनीय बदबू फैली हुई थी। पुलिसकर्मी जब अंदर बने बाथरूम की तरफ बढ़े, तो वहां मधु का बुरी तरह सड़-गल चुका शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि 22 मई की रात को उन्होंने अंकित और उसकी प्रेमिका को बेहद हड़बड़ाहट और डरी हुई हालत में कमरे से भागते हुए देखा था। आशंका है कि अंकित ने 21 मई की रात को ही मधु को मौत के घाट उतार दिया था।
बेटी का सड़ा हुआ शव मिलने के बाद मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता अशोक की लिखित शिकायत पर मानेसर थाना पुलिस ने पति अंकित भगत और उसकी फरार प्रेमिका के खिलाफ हत्या (Murder) और साक्ष्य छुपाने की संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी अंकित और उसकी प्रेमिका पिछले दो दिनों से लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं, लेकिन पुलिस की तीन टीमें उनकी तलाश में संभावित जगहों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Published on:
25 May 2026 12:42 pm
बड़ी खबरें
View Allगुडगाँव
हरियाणा
ट्रेंडिंग
