24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फरीदाबाद में बंद कमरे में मां और 1 साल के बेटे की संदिग्ध मौत, दोनों के शरीर पड़े नीले; मायके वालों ने लगाया जहर देने का आरोप

Woman Son Dead Suspected Poisoning: फरीदाबाद के अनखीर गांव में 28 वर्षीय आरती और उसके 1 साल के बेटे हृदय के शव संदिग्ध हालत में मिले। शरीर नीले पड़ने के कारण जहर की आशंका है। मायके वालों ने ससुराल पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

2 min read
Google source verification
Faridabad Double Murder

AI द्वारा बना प्रतीकात्मक फोटो

Faridabad Double Murder:हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अनखीर गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बंद मकान के भीतर 28 वर्षीय महिला और उसके महज एक साल के मासूम बेटे के शव अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए हैं। दिल को झकझोर देने वाली बात यह है कि मां और बच्चे दोनों के ही शरीर का रंग पूरी तरह नीला पड़ चुका था। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की खातिर जहर देकर बेरहमी से हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

शाम को ड्यूटी से लौटा पति, तो कमरे में पड़े थे दोनों के शव

सूरजकुंड थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान 28 वर्षीय आरती और उसके एक साल के बेटे हृदय के रूप में हुई है। आरती अपने पति निशांत और बेटे के साथ मकान की पहली मंजिल पर रहती थी। निशांत एक प्राइवेट अस्पताल में बतौर लैब अटेंडेंट काम करता है। शनिवार को निशांत रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर अस्पताल गया हुआ था। शाम को जब वह काम खत्म करके घर वापस लौटा, तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। बिस्तर पर उसकी पत्नी आरती और बेटा हृदय बेसुध हालत में पड़े थे। पास जाकर देखने पर पता चला कि दोनों की सांसें थम चुकी थीं और जहर के असर के चलते दोनों के शरीर नीले पड़ चुके थे।

कॉलेज का प्यार और लव मैरिज, फिर शुरू हुआ विवाद

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरती मूल रूप से पावटा गांव की रहने वाली थी। करीब तीन साल पहले कॉलेज की पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात निशांत से हुई थी। दोनों के बीच प्यार हुआ और फिर दोनों ने परिवार की रजामंदी से प्रेम विवाह (Love Marriage) कर लिया था। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के वैवाहिक जीवन में कड़वाहट आ गई थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर गहरे विवाद होने लगे थे। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि आपसी कलह के चलते करीब दो महीने पहले भी आरती ने फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन तब समय रहते उसे अस्पताल ले जाया गया और उसकी जान बच गई थी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग

बंद कमरे में दो मौतों की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने कमरे से कई जरूरी साक्ष्य और संदिग्ध दवाइयों/पदार्थों के नमूने कब्जे में लिए हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी (ESIC) मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। रविवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए मायके पक्ष के सुपुर्द कर दिया गया है। शुरुआती जांच में किसी जहरीले पदार्थ के सेवन या दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

थाना प्रभारी का आधिकारिक बयान

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका आरती के परिजनों ने पति निशांत और ससुराल के अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके वालों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही आरती को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी रंजिश में मां-बेटे को जहर देकर मारा गया है। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। विसरा रिपोर्ट और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।