गुडगाँव

झज्जर: सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास मिले दो शव, सिर पर चोट के निशान; हत्या कर लाशें फेंकने की आशंका

Jhajjar Double Murder: हरियाणा के झज्जर में गुरुग्राम रोड पर वीरेंद्र सहवाग के स्कूल के पास दो अज्ञात लोगों के अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 06, 2026
Jhajjar Double Murder
सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास मिले दो शव

Gurugram double Murder:हरियाणा के झज्जर में गुरुग्राम रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के 'सहवाग इंटरनेशनल स्कूल' के पास सड़क किनारे दो अज्ञात लोगों के शव बरामद हुए। दोनों शव अर्धनग्न हालत में एक-दूसरे के ऊपर पड़े हुए थे और उनके सिर व मुंह पर चोट के गहरे निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस और सीआईए (CIA) स्टाफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला सड़क हादसे की बजाय दोहरी हत्या का प्रतीत हो रहा है। जांच अधिकारियों को आशंका है कि दोनों लोगों की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और सबूत मिटाने के इरादे से उनके शवों को वाहन में लाकर झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर दुलीना पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर फेंक दिया गया। घटनास्थल से मिले गाड़ियों के टायरों के निशान भी इस आशंका को मजबूत करते हैं कि शवों को किसी वाहन के जरिए वहां लाया गया था।

मौके से मिले संदिग्ध सामान, केमिकल के इस्तेमाल की जांच

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को मौके से एक लोहे का पाना, एक पाइप और एक नीला ड्रम बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि नीले ड्रम का इस्तेमाल पेट्रोल, डीजल या किसी अन्य घातक केमिकल को लाने-ले जाने के लिए किया गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस इन सभी बरामद सामानों की फॉरेंसिक जांच करा रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनका दोहरे हत्याकांड से क्या संबंध है।

मृतकों की पहचान के लिए पुलिस खंगाल रही है कुंडली

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की उम्र 35 से 45 वर्ष के बीच लग रही है। शव सड़क से करीब 5 मीटर की दूरी पर पड़े मिले थे। फिलहाल दोनों की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस ने निम्नलिखित कदम उठाए हैं। हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध वाहनों और आरोपियों का सुराग मिल सके। हुलिये के आधार पर आसपास के जिलों और थानों में सूचना भेज दी गई है। साथ ही हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट का भी मिलान किया जा रहा है।

Updated on:
06 Jul 2026 02:19 pm
Published on:
06 Jul 2026 02:19 pm
Also Read
View All
13 साल पहले मां से की थी दूसरी शादी, गुरुग्राम में बेटे ने सीने में कुदाल घोंपकर की हत्या; सौतेले पिता ने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम

पिता के 60वें जन्मदिन पर घर आने वाली थी बेटी, नए फ्लैट में पूजा की थी तैयारी, उससे पहले ही मसूरी के होमस्टे से आई मौत की खबर

गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई: अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में, डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू

गुरुग्राम में उबर ड्राइवर को पर्सनल नंबर देना पड़ा भारी, नंबर ब्लाक कर देने पर भी अलग-अलग नंबरों से फोन लगाकर करता रहा परेशान,

‘ये तुम्हारा बेटा नहीं है’ सुनते ही भड़का पति, पत्नी और बेटे को गोलियों से भून दिया; गुरुग्राम डबल मर्डर में बड़ा खुलासा