
राजीव कुमार की रिपोर्ट...
(गुवाहाटी): प्रतिबंधित संगठन यूनाईटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम(उल्फा) स्वाधीन ने अपनी पहुंच को व्यापक बनाने के लिए सोशल मीडिया में प्रवेश किया है। संगठन ने पहली बार अपने नाम से फेसबुक अकाउंट खोला है। असम पुलिस के महानिदेशक कुलधर सैकिया ने कहा कि हमें इस बारे में पता चला है और हम उस पर नजर रख रहे हैं।
पुलिस ने फेसबुक से किया अकाउंट को बंद करने का अनुरोध
असम पुलिस ने फेसबुक को लिखकर अनुरोध करने का फैसला किया है कि उल्फा नेता परेश बरुवा के धड़े वाले इस गुट का अकाउंट बंद कर दिया जाए। असम पुलिस की विशेष शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पल्लव भट्टाचार्य ने कहा कि कंप्यूटर सुरक्षा से जुडी घटनाओं को देखने वाली भारत की राष्ट्रीय नोडल एजेंसी सीईआरटी-इन से हम संपर्क कर कानूनी कार्रवाई के लिए कहेंगे क्योंकि यह एक प्रतिबंधित संगठन है। पुलिस का कहना है कि अनेक आतंकी संगठन सोशल मीडिया का इस्तेमाल फर्जी नाम से करते हैं,लेकिन उल्फा(स्वाधीन) ने अपने नाम से खोलकर ज्यादा लोगों तक अपनी पहुंच बनाने की कोशिश की है। हम फेसबुक को सीधे भी इस अकाउंट को ब्लाक करने के लिए लिख रहे हैं।
यह है संगठन का कहना
संगठन ने कहा है कि इस अकाउंट को खोलने की सलाह शुभचिंतकों ने दी थी। हम फेसबुक का इस्तेमाल अपने मनोरंजन के लिए नहीं करेंगे बल्कि हमारे संगठन के समाचार और अन्य गतिविधियों की जानकारी देने के लिए करेंगे। यह परीक्षण के तौर पर किया गया है। अब तक संगठन मीडिया के लोगों से ई-मेल और टेलीफोन के जरिए संपर्क साधता था।
पुलिस नफरत फैलाने वालों पर लगा रही लगाम इसी बीच खुला अकाउंट
संगठन ने यह कदम तब उठाया है जब असम पुलिस सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर डोम लगा चुकी है। इसके जरिए वह सोशल मीडिया में अफवाह और नफरत फैलानेवालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि युवक-युवतियों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए संगठन ने यह कदम उठाया है।