
Gwalior Nisha Rajput Missing: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से ग्वालियर के लिए निकली एक 33 वर्षीय युवती बीते करीब सवा महीने से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। युवती ने आखिरी बार 6 अगस्त को फोन कर अपने भाई को बताया था कि वो भोपाल से ट्रेन से ग्वालियर आ रही है, लेकिन वो ग्वालियर नहीं पहुंची। परिजन सवा महीने से अपने स्तर पर उसको खोजने में जुटे थे और अब उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई है।
ग्वालियर के ककरधा गांव के रहने वाले राकेश सिंह राजपूत की 33 वर्षीय बेटी निशा राजपूत 28 जुलाई को घर से ये कहकर निकली थी कि वो आगे की पढ़ाई के लिए भोपाल जा रही है। इसके बाद परिजनों की लगातार उससे फोन पर बातचीत होती रही। परिजनों ने बताया कि निशा ने जबलपुर में BAMS की पढ़ाई की थी। जिसके बाद वो ग्वालियर लौट आई थी और फिर भोपाल में आगे पढ़ाई करना चाहती थी।
परिजनों के मुताबिक 6 अगस्त को आखिरी बार निशा ने अपने भाई अमन राजपूत को फोन कर बताया था कि वो ट्रेन से ग्वालियर वापस आ रही है, लेकिन वो ग्वालियर नहीं पहुंची। उसका फोन भी तभी से बंद आ रहा है। परिजनों ने बताया कि वो बेटी की तलाश में भोपाल पहुंचे लेकिन उसका पता नहीं चला, जबलपुर में पढ़ाई के दौरान जहां बेटी रहती थी वहां भी गए लेकिन वहां भी कुछ पता नहीं चला। सवा महीने तक अपने स्तर पर बेटी को खोजने के बाद अब परिजनों ने पुलिस से बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई है।
एसएसपी धर्मवीर के आदेश पर संबंधित थाने ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। पुलिस ग्वालियर रेलवे स्टेशन और भोपाल व रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है जिससे कि लापता निशा का कुछ सुराग मिल सके। निशा के मोबाइल की लास्ट लोकेशन भी पुलिस सर्च कर रही है।