Express Way- एमपी में नई सड़कों, हाईवे, एक्सप्रेस वे का जाल सा बिछ रहा है। यहां कई ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे भी बनाए जा रहे हैं।
Express Way- एमपी में नई सड़कों, हाईवे, एक्सप्रेस वे का जाल सा बिछ रहा है। यहां कई ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे भी बनाए जा रहे हैं। इनमें आगरा ग्वालियर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे भी शामिल है। तेजी से पूर्ण किए जा रहे इस एक्सप्रेस वे से देश के दो बड़े शहर एमपी के ग्वालियर और यूपी के आगरा तक का सफर महज 50 मिनट में सिमट जाएगा। ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस एक्सप्रेस वे की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि आगरा से ग्वालियर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे 6 लेन का बनेगा जिससे दोनों शहरों की दूरी सिमट जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये एक्सप्रेस वे शताब्दी और वंदे भारत ट्रेनों को टक्कर देगा।
सोमवार को ग्वालियर कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक हुई जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, महापौर शोभा सिकरवार, कांग्रेस विधायक सुरेश राजे मौजूद रहे। बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खासतौर पर उपस्थित रहे और विकास कार्यों पर विचार विमर्श किया।
ग्वालियर की इस अहम बैठक में रेलवे स्टेशन, एलिवेटेड रोड़ निर्माण के साथ ही अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अधिकारियों के साथ 13 मुद्दों पर मंथन किया। बाद में उन्होंने समीक्षा बैठक को बेहद सार्थक करार दिया।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर आगरा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे प्रोजेक्ट को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बताया कि यह एक्सप्रेस वे 6 लेन का होगा जिसके बनने के बाद आगरा से ग्वालियर का सफर 50 मिनट में पूरा हो जाएगा। मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 4500 करोड़ का ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे प्रोजेक्ट शताब्दी और वंदे भारत ट्रेनों को टक्कर देगा।
केंद्रीय मंत्री ने इस ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे के चालू हो जाने के संबंध में भी अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस साल दिसंबर में एक्सप्रेस वे शुरू हो जाएगा। सिंधिया ने कहा कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे के चालू हो जाने के साथ ही नागरिकों को आने जाने के लिए दो सुविधाजनक रास्ते उपलब्ध हो जाएंगे। नया एक्सप्रेस बनने के बाद 130 किलोमीटर लंबे पुराने आगरा ग्वालियर हाईवे पर भी यातायात यथावत चलता रहेगा।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि चंबल से पानी लाने की योजना 1900 करोड़ की DPR भेज दी गई है। उन्होंने अन्य अनेक विकास कार्यों की जानकारी दी , सिंधिया ने बताया कि डिजिटल लायब्रेरी के साथ ही परिसर में बाबा साहब की 20 फीट ऊंची मूर्ति लगाने का प्रस्ताव है। बाबा साहब का अंतरराष्ट्रीय स्तर का संग्रहालय बनाएंगे। साउंड एंड लाइट शो होगा।