ग्वालियर

Gwalior News: अस्पताल में युवती ने रिकॉर्ड कराया आखिरी बयान, अग्निवीर जवान को पंजाब से गिरफ्तार कर लाई पुलिस

Agniveer Arrest: 19 वर्षीय युवती ने अस्पताल में भाई के मोबाइल पर रिकॉर्ड कराया था आखिरी बयान, अग्निवीर जवान पर लगाए थे गंभीर आरोप।
2 min read
Gwalior Agniveer Arrest
agniveer arrested girl death case punjab, गिरफ्तार आरोपी विकास की तस्वीर (Source-Patrika)

Gwalior Agniveer Arrest: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक 19 वर्षीय युवती की मौत के मामले में पुलिस ने एक अग्निवीर जवान को गिरफ्तार किया है। अग्निवीर जवान को ग्वालियर पुलिस पंजाब से गिरफ्तार करके लाई है। बीते दिनों अस्पताल में भर्ती युवती ने मरने से पहले आखिरी बयान में अग्निवीर जवान पर गंभीर आरोप लगाए थे और युवती की मृत्यु होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का केस दर्ज किया था।

शादी का झांसा देकर बढ़ाई नजदीकी

आरोपी अग्निवीर जवान का नाम विकास बघेल है जो कि चीनौर के खुर्दपाल का रहने वाला है। बताया गया कि करीब 3 साल पहले आरोपी की एक 19 साल की लड़की से शादी की बातचीत चली थी लेकिन परिवारों में सहमति न बन पाने के कारण रिश्ता तय नहीं हो पाया। इसके बावजूद विकास युवती से संपर्क में रहा और उसे भरोसा दिलाया कि वो उससे शादी करेगा। शादी का वादा कर आरोपी विकास ने युवती से नजदीकियां बढ़ाई और तीन साल तक रिश्ता बनाए रखा।

अश्लील फोटो-वीडियो बनाए

पुलिस के मुताबिक आरोपी विकास ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए और उनके जरिए युवती को ब्लैकमेल करने लगा। इतना ही नहीं साल 2025 में जब युवती गर्भवती हुई तो उसका गर्भपात कराया। इसके बाद युवती ने जब शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग की। प्लानिंग के तहत विकास ने 7 अगस्त 2026 को मिलने के बहाने युवती को बुलाया। इस दौरान जब युवती ने फोटो-वीडियो डिलीट करने के लिए कहा तो दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने युवती को पानी में कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और पंजाब भाग गया, वहां ड्यूटी ज्वाइन कर ली।

युवती ने रिकॉर्ड कराया आखिरी वीडियो बयान

7 अगस्त को आरोपी के भागने के बाद युवती ने किसी तरह फोन कर अपने परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, अस्पताल में युवती ने अपने भाई के मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड करवाया जिसमें उसने विकास पर आरोप लगाते हुए अपनी पूरी आपबीती बताई। पुलिस को दिए बयान में भी युवती ने विकास पर आरोप लगाए थे। इलाज के दौरान युवती की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी विकास के खिलाफ दुष्कर्म व हत्या का केस दर्ज किया और अब उसे पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है।

Updated on:
21 Aug 2026 08:33 pm
Published on:
21 Aug 2026 08:33 pm