
Amit Hablani : ग्वालियर के फरार कारोबारी अमित हबलानी की तलाश तेज कर दी गई है। रविवार को सुबह से पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश की तैयारियों में जुटी है। शहर के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी अमित हबलानी ने कंपनियों, थोक व्यापारियों और बैंक के साथ फर्जीवाड़ा किया। वह 'द मोबाइल प्लस' और 'स्मार्ट जोन' सहित शहर में 7 दुकानें चलाता था। पिछली सोमवार की रात अमित हबलानी इन सभी दुकानों का पूरा स्टॉक समेटकर पत्नी व पिता सहित गायब हो गया।मंगलवार को उसकी सभी 7 दुकानों पर ताले लटके मिले तो ठगी सामने आई । खास बात यह है कि अमित हबलानी कई माह पहले से ही लोगों को चूना लगाकर भागने की फिराक में था। उसने 6 माह पहले ही अपनी कार का जीपीएस हटा लिया था। इंदरगंज थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कारोबारी अमित हबलानी ने 15 से ज्यादा थोक व्याारियों से मोबाइल और लैपटॉप के नाम पर ठगी की। बताया जा रहा है कि उसने मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक आइटमों के थोक विक्रताओं, अन्य व्यापारियों और बैंक से करीब 5 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। अमित हबलानी ने करोड़ों रुपए के मोबाइल और लैपटॉप उधार यानि क्रेडिट पर लिए लेकिन रकम नहीं चुकाई। पीड़ित व्यापारियों ने उसकी पत्नी और पिता के खिलाफ भी धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
इंदरगंज थाने के पुलिस अधिकारी अब अमित हबलानी की तलाश में जुटे हुए हैं। अभी तक की जांच में सामने आया है कि वह कई माह पहले से ही भागने की तैयारी में लग गया था। इसी कारण अमित हबलानी में बड़ी मात्रा में मोबाइल और लैपटॉप उधार ले लिए थे। इसके साथ ही अपनी एक दुकान भी करीब 2 करोड़ रुपए में बेच दी थी। इतना ही नहीं उसने पुलिस की पकड़ में आने से बचने का भी इंतजाम कर लिया था। अमित हबलानी ने अपनी कार का जीपीएस सिस्टम बंद करवा दिया था। मई से यह सिस्टम बंद है। पिछले सोमवार की रात 1:30 बजे वह कार से दुकानों पर रखा सारा माल उठाकर चंपत हो गया।
सेवा नगर और श्रुति एन्क्लेव, द्वारिका भवन निवासी अमित हबलानी प्रतिष्ठित मोबाइल और लैपटॉप कारोबारी था। वह राजीव प्लाजा की पहली मंजिल पर 'द मोबाइल प्लस' और 'स्मार्ट जोन' के नाम से दुकानें संचालित करता था। अमित हबलानी की यहां चार दुकानें थीं जबकि तीन अन्य दुकानें भी संचालित हो रही थीं। व्यापारियों ने बताया कि शहर में उसकी कुल 7 दुकानें थी। अमित हबलानी ने ठगी के पैसे शानोशौकत में लगाए दिए। जांच अधिकारियों को उसके किसी रिश्तेदार के घर में होने की भनक लगी है।