ग्वालियर

सिंधिया घराने की 40000 करोड़ की संपत्तियां बंटेंगी, ज्योतिरादित्य और बुआओं का विवाद सुलझा

Jyotiraditya Scindia Assets - दावा: समझौता कोर्ट में पेश, 8 जुलाई को होगी औपचारिक पुष्टि, उषा राजे, वसुंधरा राजे व यशोधरा राजे का केंद्रीय मंत्री से हुआ समझौता
2 min read
Jyotiraditya Scindia and his aunts ज्योतिरादित्य सिंधिया और बुआओं में बंटेंगी संपत्तियां
Jyotiraditya Scindia and his aunts- ज्योतिरादित्य सिंधिया और बुआओं में बंटेंगी संपत्तियां- Image Patrika.com

Jyotiraditya Scindia -ग्वालियर के पूर्व सिंधिया राजघराने की अरबों की संपत्तियों का अब विधिवत बंटवारा होगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी बुआओं उषा राजे, वसुंधरा राजे व यशोधरा राजे इस संबंध में सहमति बन गई है। इसी के साथ पूर्व सिंधिया राजघराने में चल रहा संपत्ति विवाद भी सुलझ गया है। 16 साल से चल रहे इस विवाद को लंबी बातचीत के बाद आपसी सहमति से समाप्त किया गया है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी बुआओं, उषा राजे, वसुंधरा राजे व यशोधरा राजे, के बीच संपत्ति बंटवारे को लेकर हुआ समझौता जिला कोर्ट में पेश किया है। अब 8 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दोनों पक्षों की उपस्थिति दर्ज कराई जाएगी और समझौते की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होगी।

वर्ष 2010 में उषा राजे, वसुंधरा राजे व यशोधरा राजे ने जिला न्यायालय में दावा दायर कर कहा था कि पिता की संपत्ति में बेटियों का भी समान अधिकार है, इसलिए उन्हें भी वैधानिक हिस्सा दिया जाए। मामला 16 वर्षों से लंबित था। इधर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अलग वाद दायर किया था। पूर्व राजघराने की संपत्ति से संबंधित दोनों प्रकरण जिला न्यायालय में विचाराधीन थे।

40000 करोड़ की संपत्तियां:

पूर्व सिंधिया राजपरिवार की देश-विदेश में अरबों रुपए संपत्तियां हैं। ग्वालियर में जयविलास पैलेस, शिवपुरी में माधव विलास,हैप्पी विलास, जॉर्ज कैसल, उज्जैन में कालियादेह, दिल्ली में ग्वालियर हाउस प्रमुख हैं। पूर्व सिंधिया राजघराने की संपत्तियों की कुल कीमत 40000 करोड़ रुपए आंकी गई है।

इन प्रॉपर्टी पर था विवाद, अब होगा बंटवारा

सिंधिया पूर्व राजपरिवार का ग्वालियर में विशाल महल है जिसे जयविलास पैलेस के नाम से जाना जाता है। यह 12.40 लाख वर्गफीट में बना है। जयविलास पैलेस की कीमत करीब 10 हजार करोड़ रुपए आंकी जाती है।

इसके अलावा उज्जैन में कालियादेह पैलेस, शिवपुरी में माधव विलास पैलेस, हैप्पी विलास और जार्ज कैसल कोठी जैसी प्रॉपर्टी हैं। दिल्ली में ग्वालियर हाउस और सिंधिया विला, पुणे में पद्म विलास पैलेस, वाराणसी में सिंधिया घाट और गोवा में विठोबा मंदिर सहित अन्य संपत्तियां भी हैं। आजादी के समय के सिंधिया राजपरिवार के पास 100 से अधिक कंपनियों के शेयर थे। अब सभी संपत्तियों का बंटवारा होना है।

प्रमुख बिंदु

ज्योतिरादित्य और राजे बुआओं में समझौता
संपत्ति विवाद सुलझा
16 साल से चल रहा संपत्ति विवाद
आपसी सहमति से होगा बंटवारा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुआ हुईं सहमत
उषा राजे, वसुंधरा राजे व यशोधरा राजे के साथ समझौता
कोर्ट में समझौता पेश
8 जुलाई को होगी औपचारिक पुष्टि

Published on:
03 Jul 2026 06:42 am