ग्वालियर

BREAKING NEWS : घर में पति-पत्नी व दो मासूम बच्चों के शव मिलने से फैली सनसनी

पिता व चार साल के बेटे के शव फांसी पर लटके मिले जबकि मां और डेढ़ साल की बेटी की लाश जमीन पर पड़ी थी...

2 min read
gwalior_news.jpg

ग्वालियर. ग्वालियर से एक बड़ी खबर सामने आई है यहां एक घर से चार शव बरामद हुए हैं। चारों शव घर में रहने वाले परिवार के हैं जिनमें पति-पत्नी व दो मासूम बच्चे शामिल हैं। पिता व चार साल के मासूम बेटे के शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले हैं जबकि मां और डेढ़ साल की मासूम बेटी की लाश कमरे में ही जमीन पर पड़ी हुई थी। घटना महाराजपुरा गांव की है। जहां घटना के बाद सनसनी फैल गई, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है।

घर में मिले पति-पत्नी, मासूम बच्चों के शव
ग्वालियर के महाराजपुरा गांव में रहने एक ही घर में परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि जितेन्द्र अपने परिवार के साथ यहां पर 8 दिन पहले ही रहने आया था। परिवार में पत्नी निर्जला, 4 साल का बेटा कुलदीप और डेढ़ साल की बेटी जान्हवी थे। जितेन्द्र एक प्राइवेट स्कूल में सफाई कर्मचारी था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से ही घर का दरवाजा बंद था और बच्चे भी घर से बाहर खेलने नहीं आए थे शाम को जब खिड़की से देखा तो शव नजर आए जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि जितेन्द्र और चार साल के बेटे का शव फांसी पर लटका हुआ था और पत्नी व डेढ़ साल की बेटी की लाश पास ही जमीन पर पड़ी हुई थी।

परिवार की हत्या कर आत्महत्या करने की आशंका
घटनास्थल से पुलिस को शराब की बोतल और गर्भ निरोधक गोलियों के रेपर मिले हैं घटनास्थल को देखकर पुलिस को प्रथम दृष्टतया जितेन्द्र के द्वारा पारिवारिक कलह में पत्नी व बच्चों की हत्या करने के बाद खुदकुशी करने का मामला प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल पाएगा।

Published on:
22 Jul 2022 06:53 pm