
Gwalior news: मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सभी को चौंका दिया। यहां पर रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक जेठ ने अपने छोटे भाई की पत्नी को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को मायके (मुरैना) छोड़ आया और ससुराल से कोई उसे वापस लेने नहीं पहुंचा। सामाजिक बदनामी और दहशत के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही लेकिन आखिरकार परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी जेठ के खिलाफ केस दर्ज कराया। थाटीपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मुरैना निवासी 23 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 27 मई 2025 को हुई थी। शादी के बाद पता चला कि पति की किडनी खराब है। पीड़िता का आरोप है कि उसका जेठ उस पर बुरी नीयत रखता था। 28 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे पीड़िता घर का काम निपटाकर छत से कपड़े उतारने गई थी। जब वह नीचे आने लगी, तो जेठ ने जीने का दरवाजा बंद कर दिया। आरोपी ने पीछे से उसका मुंह दबाया, छत पर बने कमरे में घसीट ले गया और जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद आरोपी ने समाज में बदनाम करने की धमकी दी, जिससे सहमी पीड़िता खामोश रही। इसके बाद 2 मार्च को जेठ उसे जबरन मुरैना ले गया। रास्ते में भी उसने धमकाया कि अगर मायके में किसी से मुंह खोला तो जान से खत्म कर देगा। आरोपी उसे परिचित के जरिए मायके छुड़वाकर खुद ड्यूटी पर चला गया। मायके पहुंचने के बाद करीब दो महीने तक पति न तो उसे लेने आया और न ही ठीक से बात की। ससुराल वालों के इस उपेक्षित रवैये से टूट चुकी विवाहिता ने आखिरकार अपनी मां को आपबीती बताई। मायके पक्ष ने ससुर से संपर्क कर बातचीत की कोशिश की, लेकिन ससुराल वाले नहीं आए। इसके बाद पीड़िता ने मां और नानी के साथ थाटीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।