मोहब्बत की खातिर लड़की ने की जालसाजी, ससुरालवाले ज्वाइनिंग कराने लेकर पहुंचे तो खुला राज....
ग्वालियर. मोहब्बत को पाने की खातिर एक लड़की ने ऐसा रास्ता अपनाया जो उसे जेल की सलाखों के पीछे ले गया। मामला ग्वालियर का है जहां एक लड़की टेकनपुर की BSF एकेडमी में फर्जी ज्वाइनिंग लेटर लेकर ज्वाइनिंग करने पहुंची थी। जब मामले की तफ्तीश की गई तो ऐसी कहानी सामने आई जो हैरान कर देने वाली है। युवती का कहना है उसने बॉयफ्रेंड से शादी करने के लिए ये जालसाजी की थी और शादी के बाद वो सबको सच बताने वाली थी लेकिन इससे पहले ही उसका राज खुल गया।
इश्क के जुनून ने लड़की को पहुंचाया जेल
महाराष्ट्र की रहने वाली युवती ग्वालियर के एक बैंक कर्मचारी से प्यार करती थी लेकिन लड़के के घर वालों को अफसर बहू ही चाहिए थी। लिहाजा लड़की ने इंटरनेट के जरिए पुराने ज्वाइनिंग लेटर में हेरफेर कर असिस्टेंट कमांडेंट का फर्जी लेटर बना डाला। लेटर बनाने के बाद लड़की ने लड़के के परिवारवालों से कहा कि उसका सिलेक्शन असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर सिलेक्शन हो गया है। उसने सोचा था कि एक बार शादी हो जाए तो सबको सच बता देगी या फिर ये कह देगी कि अब उसे ये नौकरी नहीं करनी है। लेकिन इससे पहले ही ससुरालवाले उसे ज्वाइनिंग दिलाने के लिए बीएसएफ एकेडमी लेकर पहुंच गए जहां उसके फर्जीवाड़े का राज खुल गया।
लेटर पर थे रिटायर्ड अधिकारी के सिग्नेचर
फर्जी लेटर लेकर ज्वाइनिंग लेने पहुंची युवती ने जैसे ही ट्रेनिंग ऑफिसर को लेटर दिया तो वो लेटर देखकर हैरान रह गए। लेटर पर उस अधिकारी के साइन थे जो कि करीब 10 साल पहले रिटायर्ड हो चुके थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची और लड़की को अपनी हिरासत में लिया। पहले लड़की ने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि उसने कोलापुर में रहने वाले एक व्यक्ति से ढाई तोला सोना और 20 हजार रुपए लेकर जॉइनिंग लेटर लिया है। लेकिन जब पुलिस इसकी पड़ताल करने लड़की को लेकर कोलापुर पहुंची तो उसकी कहानी झूठी निकली। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो लड़की ने खुद ही फर्जी लेटर बनाने की बात कबूल की।
लड़के की बहन की शादी ने बिगाड़ा खेल
युवती ने पुलिस को बताया कि उसने फर्जी लेटर सिर्फ युवक से शादी करने के लिए बनाया था और शादी के बाद वो लेटर को फाड़कर नौकरी न ज्वाइन करने की बात ससुराल वालों से कहने वाली थी। इसलिए उसने फरवरी में ज्वाइनिंग की डेट वाला लेटर बनाया था लेकिन उसकी शादी हो पाती इससे पहले ही ससुरालवालों ने नई शर्त रख दी कि लड़के की बहन की शादी पहले होगी। होने वाली बहू के असिस्टेंट कमांडेंट बनने की बात भी ससुरालवालों ने अपने नाते रिश्तेदारों को बता दी थी और अब जब ज्वाइनिंग की डेट आई तो वो उसे लेकर एकेडमी पहुंच गए, शादी न हो पाने के कारण वो ससुरालवालों से कुछ नहीं कह पाई। फिलहाल युवती पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
देखें वीडियो- बारातियों पर छाया फिल्म 'पुष्पा' का खुमार, श्रीवल्ली गाने पर जमकर किया डांस