
हाईकोर्ट के निर्देश पर बनी कार्ययोजना, चार पहाड़ियों का चयन
हाईकोर्ट के निर्देश पर बनी कार्ययोजना, चार पहाड़ियों का चयन
ग्वालियर। शहर की पहचान मानी जाने वाली पहाड़ियों की तस्वीर अब बदलने वाली है। लंबे समय से उपेक्षा और अवैध उत्खनन की मार झेल रही इन पहाड़ियों को अब हरियाली से आच्छादित कर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित कमेटी की शनिवार को हुई बैठक में इस दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबंधित विभागों को तय समय-सीमा में कार्ययोजना लागू करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में वन विभाग और नगर निगम ने शहर की चार प्रमुख पहाड़ियों का चयन किया है। वन विभाग ने कैंसर पहाड़ी और गुप्तेश्वर पहाड़ी को चिन्हित किया है, जबकि नगर निगम की ओर से मानपुर पहाड़ी और कैप्टन हिल को विकास योजना में शामिल किया गया है। इन सभी पहाड़ियों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा, ताकि आने वाले वर्षों में यहां हरियाली बढ़ सके और प्राकृतिक वातावरण विकसित हो सके।
प्रशासन की योजना केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है। इन पहाड़ियों को शहरवासियों के लिए पर्यटन और भ्रमण स्थल के रूप में भी विकसित किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली बढ़ने से लोग यहां मॉर्निंग वॉक, ट्रैकिंग और प्रकृति से जुड़ी गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। इससे शहर में पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने नगर निगम, वन विभाग और राजस्व विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ियों का सीमांकन और विकास कार्य तेजी से पूरे किए जाएं, ताकि योजना का लाभ जल्द दिखाई दे सके। बैठक में निगम आयुक्त संघ प्रिय, वन मंडलाधिकारी मुकेश पटेल, एडीएम सीबी प्रसाद, डॉ. धर्मेंद्र रिछारिया, एसडीएम अतुल सिंह, नरेंद्र बाबू यादव, प्रदीप शर्मा और अपर आयुक्त प्रदीप तोमर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
अवैध उत्खनन पर सख्ती
कलेक्टर ने खनिज विभाग को साफ निर्देश दिए कि पहाड़ियों पर अवैध उत्खनन और खनन गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी अवैध खुदाई या परिवहन की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि पहाड़ियों के संरक्षण के लिए अवैध खनन पर रोक लगाना बेहद जरूरी है।
तय समय में पूरा होगा काम
बैठक में वन और राजस्व विभाग को अपनी-अपनी सीमा में आने वाली पहाड़ियों का चिन्हांकन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं नगर निगम को शहरी सीमा में स्थित पहाड़ियों पर हरियाली बढ़ाने और सौंदर्यीकरण का कार्य सौंपा गया है। प्रशासन ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान शहर के पर्यावरण और पर्यटन दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
Published on:
10 May 2026 05:53 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
