
Gwalior News :मध्य प्रदेश के ग्वालियर में स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत देने वाली खबर सामने आई है। इंडिगो एयरलाइंस ने ग्वालियर-मुंबई हवाई मार्ग पर अपनी उड़ानों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। अब इस रूट पर सप्ताह में चार दिन के बजाय सातों दिन हवाई सेवा उपलब्ध होगी। बता दें कि, एयरलाइंस की ओर से नई व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से लागू कर दी जाएगी।
इंडिगो एयरलाइंस के बदले हुए शेड्यूल के अनुसार, ग्वालियर-मुंबई रूट पर ए-320 विमान का संचालन किया जाएगा। ग्वालियर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट नंबर 6-ई 5265 दोपहर 4:15 बजे ग्वालियर एयर टर्मिनल से रवाना होगी। वहीं, मुंबई से ग्वालियर लौटने वाली फ्लाइट नंबर 6-ई 5276 दोपहर 3:40 बजे रवाना की जाएगी।
एयलाइंस ने 27 अक्टूबर से लागू होने वाले विंटर शेड्यूल को मद्देनजर रखते हुए भी इस रूट पर नियमित सातों दिन संचालन की तैयारी की है। माना जा रहा है कि, फ्लाइट्स के संचालन में बढ़ोतरी करने से ग्वालियर और मुंबई के बीच हवाई कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी होगी।
कंपनी का मानना है कि, ग्वालियर-मुंबई हवाई मार्ग पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में इस रूट पर कुल 5,775 यात्रियों ने हवाई यात्रा की है। इनमें 2,964 यात्री मुंबई से ग्वालियर पहुंचे हैं, जबकि शेष ग्वालियर से मुंबई रवाना हुए हैं। ऐसे में आगामी दिनों में यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।
यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को मद्देनजर रखते हुए फ्लाइट्स की संख्या बढ़ने से कारोबार, रोजगार और अन्य कामों के लिए मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। रोजाना उड़ान उपलब्ध होने से यात्रियों को हफ्ते के सीमित दिनों के बजाय अपनी सुविधा के हिसाब से यात्रा करने की योजना बनाने का विकल्प मिलेगा।