Gwalior News: ग्वालियर शहर के चंदन नगर की बस्ती में इन दिनों लोगों की रातें दहशत में गुजर रही हैं, यहां कई दिनों से आधी रात होते ही महिला के रोने की आवाज आती है, कभी आधी रात होते ही महिला दरवाजा खटखटाती है, डरे-सहमे लोगों ने पुलिस को सौंपे सबूत
Gwalior News: चंदननगर (उपनगर) ग्वालियर की बस्ती इन दिनों दहशत में है। खौफ की वजह, यहां आधी रात में घूमने वाली अनजान महिला है। रहवासी कहते हैं कि वह महिला रात में निकलती है। कभी दरवाजे की कुंडी खटकाती है, कभी दरवाजों पर लगी घंटी बजाकर आवाज लगाती है। कभी आधी रात को उसके रोने की आवाज से दिल दहल जाता है। खौफ का ये सिलसिला कई दिन से चल रहा है। महिला कौन है? कहां से आती है? उसके बारे में कुछ नहीं पता, लेकिन इस लाल चुनरी में नजर आने वाली इस महिला के कारण बस्ती के बाशिंदे डरे-सहमे हैं और आंखों में रात काट रहे हैं।
हालांकि पुलिस को फुटेज मिले हैं, लेकिन अभी तक महिला की पहचान नहीं हुई है। इससे यह मालूम नहीं चला कि आखिर महिला का मकसद क्या है और क्यों वह घरों के दरवाजे खटखटाती है। रात डेढ़ बजे रोने की आवाज आई चंदन नगर निवासी ममता ने बताया रात को बस्ती में महिला का मूवमेंट कई दिन से चल रहा है। वह रात को एक से डेढ़ बजे के बीच निकलती है। किसी भी घर को टारगेट कर उसका दरवाजा खटकाती है।
परसों रात (9 जून) करीब डेढ़ बजे घर के बाहर उसके रोने की आवाज आई तो बेटे की नींद खुली। फिर किराएदार को आवाज सुनाई दी तो वह भी जागे। खिड़की से बाहर झांका तो महिला नहीं दिखी लेकिन उसके रोने की आवाज आती रही। ममता का कहना है महिला किसी वारदात की ह्रश्वलानिंग में है। उसके साथ गिरोह भी होगा।
संतोष शाक्य निवासी चंदननगर ने बताया रात करीब दो बजे किसी ने दरवाजा खटकाया तो नींद खुली। गेट तो नहीं खोला, लेकिन आहट ली तो बाहर से किसी महिला के रुक-रुक कर रोने की आवाज आ रही थी। ऐसा लगभग रोज हो रहा है। अनजान महिला कभी उनके मोहल्ले में दरवाजे खटकाती है तो कभी पड़ोसी बस्ती में ऐसी हरकत करती है। इसलिए लोग दहशत में है।
बस्ती वालों का कहना है महिला की वजह से लोग रात भर जागते हैं। उन्हें खुटक (आशंका) है कि कोई घटना न हो जाए। बस्ती में कुछ घरों पर सीसीटीवी लगे हैं। उनके फुटेज में महिला रात को आती और घरों की घंटी बजाती दिखी है। पुलिस को शिकायत के साथ फुटेज भी दिए हैं।
ग्वालियर के चंदन नगर बस्ती के लोगों ने रात में अनजान महिला का मूवमेंट बताया है। उसके फुटेज भी दिए हैं। महिला को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है। उसे राउंडअप करने के बाद पता चलेगा कि आखिर महिला कौन है? उसका मकसद क्या है?
-अशोक सिंह जादौन, सीएसपी पड़ाव सर्कल