ग्वालियर

Gwalior Road Accident: बेलगाम दौड़ती बस ने बाइक सवार को रौंदा, 700 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, मौत

Gwalior Road: एमपी के शिवपुरी का मामला, जिले के अमोला में हुआ हादसा, गोरखपुर से इंदौर जा रही बस ने युवक को रौंदा, पुलिस की लिखित परीक्षा पास कर अगले माह फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रहा था युवक

3 min read
Gwalior Road Accident: हाईवे पर लवकुमार का शव, विलाप करता उसका भाई..

Gwalior Road Accident: गोरखपुर से इंदौर जा रही यात्री बस ने सिरसौद तिराहे पर एक बाइक सवार युवक को न केवल पीछे से टक्कर मार दी। यही नहीं बाइक सवार को बस चालक 700 मीटर दूर तक घसीटता ले गया। भीषण हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ने पुलिस की लिखित परीक्षा पास कर ली थी और फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रहा था।

तलाशी में बस के केबिन में शराब पार्टी का सामान यानि चखना आदि मिला, जबकि स्टाफ के बेग में शराब की बोतल मिली। नशे में धुत्त ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जबकि कंडक्टर नशे की हालत में मिला।

अमोला थाना प्रभारी का कहना है कि हमने कंडक्टर का मेडिकल करवाया है, जबकि सिरसौद अस्पताल के डॉक्टर का कहना है कि हमारे पास कोई मेडिकल के लिए नहीं आया।

सिरसौद तिराहे के पास हुआ हादसा


कोटा-झांसी फोरलेन पर अमोला थाना अंतर्गत सिरसौद तिराहे के पास शनिवार की सुबह 7 बजे बाइक से अपने घर जा रहे 24 वर्षीय लवकुमार पुत्र रामरतन लोधी को गोरखपुर से इंदौर जा रही यात्री बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही लवकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बाइक, टक्कर मारने वाली बस के पहिए में फंसकर 700 मीटर दूर तक चली गई।

लवकुमार को रौंदने के बाद बस के ड्राइवर ने तेज रफ्तार में भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक कुछ इस तरह बस के पहिए में फंसी कि बस 700 मीटर दूर जाकर आगे नहीं बढ़ पाई। इस दौरान मौका पाकर बस का ड्राइवर भाग गया, जबकि कंडक्टर नशे की हालत में मिला।

घटनास्थल से मृतक का गांव टोकनपुरा, अधिक दूर नहीं था, इसलिए कुछ ही देर में परिजन और उसके साथ फिजिकल ट्रेंनिंग करने वाले युवक भी वहां पहुंच गए।

नौकरी के लिए ग्राउंड पर बहा रहा था पसीना

लवकुमार के दो भाई व एक छोटी बहन है। उसके पिता रामरतन लोधी के पास 4 बीघा जमीन है, इसलिए वे दूसरों की खेती भी बटाई पर करके अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। लवकुमार ने पुलिस की लिखित परीक्षा 80 अंक लाकर पास कर ली थी और अगले माह होने वाले फिजिकल टेस्ट के लिए ग्राउंड पर पसीना बहा रहा था।

हर रोज की तरह शनिवार की सुबह भी वो नया अमोला में हनुमान मंदिर के सामने स्थित ग्राउंड में फिजिकल प्रैक्टिस करने के लिए सुबह 5 बजे बाइक से आया था और भागदौड़ करने के बाद वापस घर जा रहा था, तभी बस ने उसे पीछे से रौंद दिया। मृतक की कुछ समय पूर्व ही शादी हुई थी और रक्षाबंधन पर पहली बार सावनी लेकर गया था। लवकुमार की मौत से पूरा परिवार टूट गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

चखना देखकर ठनका माथा, तो फिर किया बेग चैक


जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बस में सवार यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। इधर बाइक सवार को रौंदकर जब चालक बस लेकर भागा तो पहिए में फंसी बाइक की वजह से 700 मीटर दूर जाकर बस जब रुक गई । इसके बाद स्थानीय लोगों ने दौडक़र बस में घुसकर जब देखा तो ड्राइवर व कंडक्टर वाले केबिन में चखना रखा था। जिसे देखकर उनका माथा ठनका, जबकि नशे की हालत में मिला कंडक्टर लोगों से अकड़ कर बात कर रहा था। इस बीच जब केबिन में रखा स्टाफ का बेग खोलकर देखा तो उसमें इंग्लिश शराब की बोतल निकली। जिससे स्पष्ट हो गया कि बस का चालक व कंडेक्टर नशे की हालत में वाहन चलाते हुए यात्रियों की जान से खिलवाड़ कर रहे थे।

टीआई व डॉक्टर के विरोधाभासी बयान

अमोला थाना प्रभारी राजकुमार सिंह का कहना है कि हमने शव का पीएम करवाने के साथ ही बस कंडेक्टर का मेडिकल परीक्षण कराया है। वहीं सिरसौद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पदस्थ डॉक्टर नारायण कुशवाह का कहना है कि हमारे पास पुलिस किसी को भी मेडिकल कराने नहीं लाई।

Updated on:
25 Aug 2024 11:45 am
Published on:
25 Aug 2024 11:33 am
Also Read
View All

अगली खबर