ग्वालियर

‘जूली ने हमारी इज्जत मिट्टी में मिला दी’, ग्वालियर में 27 दिन बाद सामने आया ऑनर किलिंग का सच

Julie Gurjar Murder Case: शादीशुदा बेटी को पिता ने फांसी पर लटकाकर मार डाला, इसके बाद ताऊ और भाइयों के साथ मिलकर शव को जला दिया और अवशेष खेत में दफना दिए।

2 min read
gwalior
honor killing case julie gurjar murder family arrested

Gwalior Honor Killing: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। घटना लखिया गांव की है जहां एक शादीशुदा महिला की उसके पिता ने फांसी पर लटका कर हत्या की। उसके बाद महिला के चाचा ताऊ और तीन भाईयों ने मिलकर उसके शव को जला दिया और जलाने के बाद बचे शव के अवशेष खेत और कुएं में फेंक दिए। पुलिस ने ऑनर किलिंग का खुलासा करते हुए महिला के शव के बचे हुए अवशेष आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिए हैं।

देखें वीडियो-

5 मई को हुई थी लापता

लखिया गांव में रहने वाली जूली गुर्जर की शादी भैंसनारी गांव में हुई थी। लेकिन कुछ समय से जूली अपने पति को छोड़कर लखिया गांव आकर रह रही थी। इसी दौरान जूली और मुरैना के रहने वाले रवि गुर्जर से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों आए दिन एक दूसरे से मिलने लगे और गांव में दोनों के इश्क की चर्चाएं होने लगीं। इसी बीच 5 मई को जूली घर से बिना बताए गायब हो गई, परिजनों ने डबरा देहात थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई लेकिन पुलिस उसे ढूंढ पाती इससे पहले ही दो दिन बाद 7 मई को वो वापस घर लौट आई।

मुखबिर से मिली जूली की हत्या की सूचना

7 मई को वापस लौटी जूली 8 मई को गांव में दिखी लेकिन फिर अचानक गायब हो गई। किसी मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि जूली की हत्या कर दी गई है और शव को कुएं में फेंका गया है। सूचना पर बुधवार को एसपी देहात जयराज कुबेर, एसडीओपी और देहात थाना पुलिस के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने जब शक के आधार पर जूली के परिजनों से सख्ती से पूछताछ की तो पिता टूट गया और बेटी की हत्या करना कबूल किया।

हमारी इज्जत मिट्टी में मिला दी- पिता

पुलिस की पूछताछ में जूली के पिता किशन गुर्जर ने बताया कि बेटी के पति को छोड़कर लौट आने और फिर दूसरे युवक से प्रेम प्रसंग के कारण पूरे परिवार की इज्जत मिट्टी मिल गई। पिता ने बेटी की हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने घर के आंगन की टीनशेड की कुंदी से फांसी लटकाकर बेटी की हत्या की थी। इस वारदात में मृतका का चाचा ताऊबलवंत गुर्जर, मृतका के भाई रामसेवक गुर्जर, दीपक गुर्जर, धीरज गुर्जर और उसके चाचा का भाई प्रदीप गुर्जर शामिल रहे। जिन्होंने जूली के शव को खेत में ले जाकर जलाया और बचे हुए अवशेष खेत में ही गड्ढा कर दफना दिए थे। वारदात के 27 दिन बाद पुलिस ने जूली की हत्या का खुलासा करते हुए आरोपियों की निशानदेही पर शुक्रवार को खेत में गड्ढा कर दफन किए गए जले हुए अवशेष बरामद कर लिए हैं।

Published on:
05 Jun 2026 04:12 pm