Gwalior- अब मप्र-राजस्थान में बदमाश की हो रही तलाश, जयपुर में ग्वालियर के गुंडे ने गर्भवती को छेड़ा, छोड़ने पर दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
Gwalior- एमपी के ग्वालियर के एक गुंडे से जयपुर की पुलिस भी डर गई। गुंडे ने एक महिला से छेड़छाड़ की। महिला ने मामले की पुलिस को शिकायत कर दी। पुलिस को मजबूरन आरोपी गुंडे को गिरफ़्तार करना पड़ा पर बाद में उसे छोड़ दिया। मौके का लाभ उठाकर गुंडा फरार हो गया। मामला जयपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया तो आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गाज गिरी। दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इधर ग्वालियर के आरोपी गुंडे की अब मध्यप्रदेश और राजस्थान में तलाश की जा रही है। पुलिस हर संभावित ठिकाने पर उसकी खोज कर रही है।
ग्वालियर के आरोपी गुंडे राहुल गुर्जर ने जयपुर के मालवीय नगर सेक्टर 9 में महिला से छेड़छाड़ की थी। उसने पैदल जा रही एक गर्भवती महिला को दबोच कर गंदी हरकत की।इसके साथ ही देशभर में मध्यप्रदेश को भी शर्मसार कर दिया।
गुंडा राहुल ससरपुरा, बिजौली का रहने वाला है। वह जयपुर में मालवीय नगर के स्पा सेंटर में नौकरी कर रहा था। हद यह है कि चोरी, लूट-मारपीट के पांच मामलों में आरोपी गुंंडे राहुल को जवाहर सर्कल थाने की पुलिस ने छेडख़ानी में पकड़ा भी था, पर ड्यूटी ऑफिसर एएसआइ महेशचंद्र और हेड कॉन्स्टेबल अंगदराम ने उसे थाने से ही छोड़ दिया।
25 मार्च को हुई छेडख़ानी का वीडियो दो दिन पहले 13 अप्रेल को वायरल हुआ। इसे देख जयपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस हरकत में आई। गुंडे राहुल को छोड़ने के आरोप में एएसआइ महेशचंद्र और हेड कॉन्स्टेबल अंगदराम को सस्पेंड किया गया। अब जयपुर की पुलिस उसे राजस्थान और मप्र में तलाश कर रही है।
एक गर्भवती महिला से सरेराह छेडख़ानी करनेवाले गुंडे को थाने से यूं ही छोड़ देने से जयपुर पुलिस की भद पिटी है। मामला देशभर में सुर्खियों में आने से पुलिस की थू थू हो रही है। ऐसे में वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। केस की जांच जवाहर सर्कल थाना प्रभारी आशुतोष सिंह को सौंपी है।
पुलिसकर्मियों द्वारा राहुल को पकड़ कर छोडऩे के आरोप का सच जानने के लिए हर कवायद की जा रही है। जयपुर डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने एएसपी स्तर के अफसर की निगरानी में थाने की सीसीटीवी फुटेज जांच के निर्देश दिए हैं।
25 मार्च को शाम 6.10 बजे जयपुर में गर्भवती पैदल जा रही थी। तभी गुंडे राहुल गंदी हरकत की।
12 अप्रेल: वारदात का सीसीटीवी फुटेज वायरल।
13 अप्रेल: गुंडे राहुल की पहचान हुई, तलाश शुरू।