ग्वालियर

भाजपा में बदले ‘महाराज’, रुक-रुककर जान रहे ‘प्रजा’ का हाल, देखें वीडियो

प्रोटोकाल तोड़कर रेस्टोरेंट के बाहर रुका सिंधिया का काफिला, रेस्टोरेंट कर्मचारियो और ग्राहकों से की चर्चा।
2 min read
• •
Updated: 6 Jul 2023, 9:02 PM IST
jyotiraditya sindhia gwalior tour
भाजपा में बदले 'महाराज', रुक-रुककर जान रहे 'प्रजा' का हाल, देखें वीडियो

मध्य प्रदेश के चुनावी साल में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने व्यस्त मंत्रालय से जैसे-तेसे समय निकालकर हर हफ्ते दिल्ली से अपने गृह नगर ग्वालियर चंबल इलाके के प्रवास पर आ रहे हैं। खास बात ये है कि, यहां सप्ताहभर में तय हुए कार्यक्रमों में तो हिस्सा ले ही रहे हैं। इसके अलावा वो समय निकालकर संबंधित क्षेत्र के लोगों का हालचाल जानने भी निकल पड़ते हैं। ऐसा करने में वो प्रोटोकॉल टूटने की भी परवाह नहीं करते। ऐसा ही एक नजारा गुरुवार को ग्वालियर में देखने को मिला। तय कार्यक्रमों में शामिल होने आए 'महाराज' ने प्रजा का हाल जानने अपना काफिला रोककर अकेले ही एक रेस्टोरेंट की तरफ कदम बढ़ा दिए।

एक दिन पहले ही राजधानी भोपाल में भाजपा की कोर कमिटी की बैठक में हिस्सा लेने आए ज्योतिरादित्य सिंधिया का विमान एक दिन बाद ही गुरुवार को अपने गृहनगर ग्वालियर में लैंड हुआ। दरअसल, ग्वालियर में आज सिंधिया विभिन्न सम्मेलनों, कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लेने आए हैं। यहां एक कार्यक्रम में शिरकत के बाद जब वो दूसरे कार्यक्रम के लिए अपने काफिले के साथ निकले थे तो शहर के फूल बाग चौपाटी इलाके में उन्होंने अचानक ही अपनी गाड़ी रुकवाई और अकेले ही उतरकर एक रेस्टोरेंट की तरफ चल पड़े।


'महाराज' का अलग अंदाज

रेस्टोरेंट के अंदर पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने वहां खड़ी एक बुजुर्ग महिला से सिर पर हाथ रखवाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से उनके काम काज के संबंध में चर्चा करते हुए उनका हालचाल जाना। यही नहीं, उन्होंने रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों से भी बातचीत की। खासतौर पर रेस्टोरेंट में मौजूद युवाओं से उन्होंने उनके भविष्य को लेकर भी बातचीत की।


लोगों में सेल्फी लेने की मची होड़

अचानक ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफ़िला रुकने के कारण स्थानीय लोगों के साथ साथ मार्ग से गुजरने वाले असमंजस में पड़ गए। लेकिन, जैसे ही लोगों को 'महाराज' के अलग अंदाज के बारे में पता चला, लोग रुक रुककर उनसे मिलने लगे। सिंधिया ने भी किसी को प्रोटोकॉल की बंदिश में न रखते हुए अधिकतर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान कई लोग सिंधिया के साथ सेल्फी लेते और सिंधिया-महाराज के नारे लगाते नजर आए।

Published on: