Helmet Wearing Mandatory: हेलमेट लगाए बिना दो पहिया वाहन चलाने वालों की निगरानी के लिए करीब 20 टीम तैयार की गई है। यह टीम शहर के किसी भी रास्ते पर अचानक चैकिंग करेंगी।
Helmet Wearing Mandatory: मध्यप्रदेश की सड़कों पर पिछले साल सड़क हादसों में 15 हजार 607 लोगों की जान गई है। इनमें करीब 50 प्रतिशत दो पहिया वाहन सवार रहे हैं। पुलिस की नजर में इन वाहन चालकों ने हेलमेट पहनने में लापरवाही बरती थी। यह गलती वाहन चालकों की जान का खतरा नहीं बने पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश में पुलिस दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनाएगी। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर सिर्फ जुर्माना नहीं होगा बल्कि उनका ड्रइाविंग लाइसेंस निलंबित होगा। यह अभियान रविवार से शुरू हुआ है और 10 मई तक चलेगा। अभियान के पहले दिन शहर में 52 दो पहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई है।
हेलमेट लगाए बिना दो पहिया वाहन चलाने वालों की निगरानी के लिए करीब 20 टीम तैयार की गई है। यह टीम शहर के किसी भी रास्ते पर अचानक चैकिंग करेंगी। वाहन चालकों से विवाद की स्थिति नहीं बने इसलिए चैकिंग टीम बॉडी वार्न कैमरे के साथ तैनात रहेंगी। यातायात टीआइ केपी तोमर ने बताया, अभी तक हेलमेट के बिना दो पहिया वाहन चलाने वालों का जुर्माना होता रहा है लेकिन बार बार समझाइश के बाद भी लोग हेलमेट लगाने की आदत नहीं डाल रहे हैं। इस बार सख्ती की जा रही है नियम तोडऩे वालों का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर उसे निलंबित कराया जाएगा।
यातायात पुलिस के अधिकारियों का कहना है हेलमेट चैकिंग शहर के लगभग सभी रास्तों पर होगी। इसके अलावा गोला का मंदिर चौराहा, बारादरी, थाटीपुर चौराहा, राजमाता चौराहा, एजी पुल के पास, चेतकपुरी चौराहा, विवेकानंद चौराहा, इंदरगंज चौराहा, महाराजबाडा, गश्त का ताजिया, शिंदे की छावनी तिराहा, हजीरा चौराहा, किला गेट चौराहा, बहोडापुर तिराहा, दीनदयाल नगर चौराहा सहित शहर के आऊटर प्वाइंटस पर भी निगरानी होगी।
वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता के लिए सोशल मीडिया, लघु वीडियो और अन्य डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया जाएगा। बताया गया है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आम जनता के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इसे प्रभावी बनाएं। अभियान के दौरान की गई कार्रवाई और गतिविधियों की जानकारी नियमित रूप से मुख्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
-हेलमेट को लेकर मध्य प्रदेश में विशेष अभियान
-बिना हेलमेट दिखे तो कटेगा चालान और छिन जाएगा लाइसेंस
-पुलिस मुख्यालय ने इसको लेकर सभी जिलों को दिए निर्देश