बहू ने की मारपीट तो बेटे से की शिकायत, बेटा बोला- जब तक मकान नाम नहीं करोगी, ऐसे ही मार खाती रहोगी...
ग्वालियर. ग्वालियर में एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लालची बहू अपनी 75 साल की बुजुर्ग सास पर हर दिन सितम ढाती है। बीते दिनों भी बेरहम बहू ने सास के साथ मारपीट की और उसे धक्का देकर गिरा दिया। हैरानी की बात तो ये है कि बुजुर्ग मां जब बेटे से बहू की शिकायत करने पहुंची तो बेटे ने भी साफ लफ्जों में कह दिया कि जब तक मकान हमारे नाम नहीं कर दोगी तब तक तुम्हें इसी तरह से मार खानी होगी। बुजुर्ग महिला से बहू के मारपीट करने का वीडियो सामने आया है।
बेरहम बहू के बेटे ने बनाया वीडियो
मामला शहर के फालका बाजार के पास स्थित हनुमान नगर का है। यहां रहने वाली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला मुन्नी देवी वर्मा ने एसपी से बेरहम बहू-बेटे की शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि बेटा-बहू उसके साथ बहुत ही बुरा बर्ताव कर रहे हैं और उसके साथ मारपीट तक करते हैं। उन्होंने बताया कि 4 दिन पहले 8 अगस्त को रात करीब 8 बजे बड़ी बहू ममता घर पर आई और मुझे धमकाकर मारपीट की। बुजुर्ग महिला मुन्नी देवी ने एसपी को बताया कि बड़ी बहू और बेटा पूरा मकान अपने नाम कराना चाहते हैं जबकि पहले ही वो मकान का आधा हिस्सा उन्हें दे चुकी है। 8 अगस्त को जब बेरहम बहू ममता ने सास के साथ मारपीट की तो उसी के बेटे ने मारपीट का वीडियो बना लिया था जिसे भी बुजुर्ग महिला ने एसपी को दिखाया।
वीडियो में मारपीट करते नजर आ रही बेरहम बहू
बुजुर्ग महिला ने एसपी को ये भी बताया कि जब उसने बड़े बेटे सुरेन्द्र से बहू के द्वारा मारपीट करने की शिकायत की तो बेटे ने साफ लफ्जों में कह दिया कि जब तक मकान हमारे नाम नहीं करोगी इसी तरह रोज मार खाओगी। जिससे उसे गहरा धक्का लगा। बुजुर्ग महिला के चार बेटे हैं और वो घर का बाकी का हिस्सा अपने तीनों बचे बेटों को देना चाहती है। वहीं जो बेरहम बहू का सास के साथ मारपीट करते जो वीडियो सामने आया है उसमें बुजुर्ग सास के साथ बहू के द्वारा मारपीट और धक्कामुक्की करते हुए साफ देखा जा सकता है। एसपी ने बुजुर्ग महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं।
देखें वीडियो-